लाल चौक में जन्माष्टमी की धूम, दो साल बाद निकली झांकी

नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से वहां काफी कुछ बदल गया है। आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कश्मीर के प्रसिद्ध लाल चौक पर कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। दो साल के अंतराल के बाद कश्मीरी पंडितों ने सोमवार को यहां भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाने के लिए जन्माष्टमी जुलूस निकाला गया। इससे पहले यही लाल चौक स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की रंग-बिरंगी रोशनियों से नहाया हुआ था।  अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुलूस शहर के हब्बा कदल इलाके के गणपतियार मंदिर से शुरू हुआ और बरबरशाह के क्रालखुद से होते हुए ऐतिहासिक लाल चौक स्थित घंटाघर तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि जुलूस अमीरकदल पुल को पार कर जहांगीर चौक से गुजरा और मंदिर लौट आया। पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित भक्तों ने रथ के साथ नृत्य किया और लोगों के बीच मिठाई बांटी। श्रद्धालुओं में से एक वरिष्ठ नागरिक ने कहा कि दो साल बाद उन्हें श्रीनगर में जन्माष्टमी का जुलूस निकालने की अनुमति मिली। कोविड-19 के कारण 2020 में कोई जुलूस नहीं निकाला गया था, जबकि अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को निरस्त करने के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन के कारण इस आयोजन को रद्द कर दिया गया था।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *