बिहार एसटीएफ का मऊ में छापा, मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़, दो भाई सहित नौ लोग गिरफ्तार

पटना
बिहार एसटीएफ व उत्‍तर प्रदेश पुलिस की संयुक्‍त टीम ने यूपी के मऊ में दो मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। गुप्‍त सूचना पर मऊ के कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पिस्टल के साथ बड़ी संख्या में अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं। इस दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें आठ मुंगेर व एक भागलपुर का रहने वाला है। एसटीएफ के अनुसार, मुंगेर के रहने वाले सहोदर भाई मो. तबरेज और मो. तनवीर उत्तर प्रदेश के मऊ में दो-दो मिनी गन फैक्टरी चला रहे थे। दोनों भाइयों की ससुराल मऊ में है। वहां दोनों भाइयों ने मुंगेर से अपने परिचितों को बुलाकर अवैध हथियारों का निर्माण करने लगे। इसी बीच पुलिस को इसकी भनक लग गई।

गिरफ्तार नौ लोगों में मो. तनवीर आलम, रिजाउल हक, मो. खालिद अंसारी, शबाना खातून, मो. लियाकत अली, मो. परवेज आलम, रूबीना अंसारी और शबाना बानो शामिल हैं। रूबीना और शबाना का वर्तमान पता उत्तर प्रदेश के मऊ का रघुनाथपुरा बताया जाता है। वहीं एक अभियुक्त मो. रिजवान भागलपुर के नाथनगर का रहने वाला है। इन सभी पर मऊ के कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एक अभियुक्त तनवीर आलम पर मऊ के कोतवाली थाने में ही पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। सभी से मऊ पुलिस पूछताछ कर इनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *