बिहार कैडर के 5 आईपीएस सहित सात अफसरों को मिला केंद्रीय गृह मंत्री पदक 

 पटना 
अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य के लिए बिहार कैडर के पांच आईपीएस समेत सात पुलिस अफसरों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया गया है। इन अधिकारियों को ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन’ 2021 से नवाजा गया है। देशभर में 152 पुलिस कर्मियों को यह सम्मान मिला है। इनमें 28 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। 

गृह मंत्रालय द्वारा जारी पदक पानेवालों की सूची में पश्चिम चंपारण की तत्कालीन एसपी व वर्तमान में भागलपुर की एसएसपी निताशा गुड़िया, दरभंगा के एसएसपी बाबू राम, नवादा के तत्कालीन एसपी व वर्तमान में नालंदा के एसपी हरि प्रसाथ एस, नालंदा के तत्कालीन एसपी व वर्तमान में एसपी (ट्रेनिंग) एसटीएफ निलेश कुमार और दरभंगा के तत्कालीन सिटी एसपी व वर्तमान में मधेपुरा के एसपी योगेन्द्र कुमार शामिल हैं। 

इन अफसरों के अलावा बेतिया जिला बल के इंस्पेक्टर उग्रनाथ झा और नवादा जिला बल के इंस्पेक्टर मो. नेयाज अहमद को भी अनुसंधान में उत्कृष्ट कार्य के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा पदक प्रदान किया गया है। आपराधिक कांडों को सुलझाने में उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष यह पदक दिया जाता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *