बिहार पंचायत चुनाव: एक्टिव हुए माफिया-अपराधी, मैदान में उतरना चाहते हैं असामाजिक तत्व, खुफिया विभाग का पुलिस को पत्र

 छपरा 
जिले में पंचायत चुनाव के पहले विशेष सतर्कता बरतने को लेकर खुफिया विभाग ने पहले ही जिला व पुलिस प्रशासन को आगाह किया है। इस बारे में स्पेशल ब्रांच सहित अन्य खुफिया एजेंसियों ने पदाधिकारियों को कई मार्गदर्शन भी दिया है। इसमें कहा गया है कि पंचायत चुनाव में काफी संख्या में असामाजिक तत्वों के भाग लेने की संभावना है। ऐसे में जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदारों को भी हमेशा सक्रिय रखने व उनसे सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी बल दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित गश्ती पर भी जोर दिया गया है ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी हो सके।

माफिया और अपराधी एक्टिव होने लगे
पत्र में इस बात की भी चर्चा है कि जिले में पंचायत चुनाव से पहले मुखिया और सरपंच की मुश्किलें बढ़नी शुरू हो गई हैं। दरअसल, चुनाव से पहले जिले में माफिया और अपराधी एक्टिव होने लगे हैं, जिसके कारण लगातार मुखिया और सरपंच से जुड़ा केस थाने में पहुंचने लगे हैं। मालूम हो कि सारण सहित सूबे में जल्द ही पंचायत चुनाव होना है। बताया जा रहा है कि जिले में पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट के बीच अपराधी और माफिया भी सक्रिय होने लगे है, जिससे मुखिया और सरपंच और भावी उम्मीदवारों की टेंशन बढ़ने लगी है। ऐसे में पुलिस महकमे और खुफिया तंत्र की भी परेशानी बढ़ने लगी है।
 
 खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पंचायत चुनाव से पहले शराब माफिया भी जिले के कई इलाकों में सक्रिय होने लगे हैं। शराब माफिया पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारियां कर रहे हैं। वे अपनी हैसियत के अनुसार जिला परिषद से लेकर वार्ड सदस्य पद के चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गये हैं। इस धंधे से जुड़े गांव-मोहल्लों में शराब की होम डिलवरी करने वाले भी अपने आका को विजय श्री दिलवाने की होड़ में लग गये हैं। माफियाओं के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा से रसूखदार भावी प्रत्याशियों में हड़कंप है।

पड़ोसी राज्य यूपी से मंगा रहे शराब
खुफिया विभाग ने जिला व पुलिस प्रशासन को दिए सलाह में कहा है कि पड़ोसी राज्य यूपी से शराब की खेप सारण में आ रही है। पंचायत चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब का उपयोग बड़े पैमाने पर किए जाने की संभावना जताई गई है। खुफिया सूत्रों ने यह भी कहा है कि चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए कई अपराधी किस्म के उम्मीदवार शराब को स्टोर करने में लगे हुए हैं। ऐसे में यूपी से लगे सीमा पर विशेष चौकसी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *