एमएस धोनी के बाद सुरेश रैना भी चेन्नई पहुंचे 

 नई दिल्ली 
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के भरोसेमंद बल्लेबाज सुरेश रैना आईपीएल 2021 के दूसरे फेज की तैयारियों के लिए मंगलवार चेन्नई पहुंच चुके हैं। रैना से पहले टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी यहां पहुंच चुके हैं। टीम के खिलाड़ी अब यूएई के लिए रवाना होंगे, जहां इंडियन प्रीमियर लीग के बाकी बचे सीजन की मेजबानी होनी है। टीम के सीईओ केएस विश्वनाथन ने बताया है कि टीम के भारतीय खिलाड़ियों के 13 अगस्त को यूएई रवाना होने की संभावना है।   

उन्होंने कहा कि सीएसके के खिलाड़ियों के यूएई रवाना होने से पहले चेन्नई में कोई कैम्प नहीं होगा। फ्रेंचाइजियों को जारी किए गए बायो सिक्योर बबल प्रोटोकॉल के मुताबिक, यूएई, दुबई या अबु धाबी रवाना होने से पहले भारत में खुद को आइसोलेट करने की जरूरत नहीं है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम कोई खतरा नहीं लेना चाहती है और इसलिए टीम मैनेजमेंट ने अपने खिलाड़ियों को सेल्फ आइसोलेट होने को कहा है।
  
आईपीएल 2021 के बाकी बचे टूर्नामेंट का आयोजन 19 सितंबर से यूएई में होगा। जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले आने के बाद मई में टूर्नामेंट को बीच में स्थगित कर दिया गया था। बीसीसीआई ने इसके बाद बाकी मैचों का आयोजन यूएई में कराने का फैसला किया जो इससे पहले आईपीएल 2020 का सफल आयोजन कर चुका था। सीएसके अपने अभियान की शुरुआत 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगा। लीग स्थगित होने से पहले धोनी की टीम सात मैचों में 10 प्वॉइंट्स के साथ प्वॉइंट टेबल दूसरे स्थान पर चल रही थी, जबकि उनसे ऊपर दिल्ली कैपिटल्स है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *