नौकरी मांगने सड़क पर उतरे युवाओं का जमकर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की

रांची
सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर बहाली नहीं होने से नाराज दर्जनों अभ्यर्थी मंगलवार को सड़क पर उतरे। अभ्यर्थियों ने मोरहाबादी बापू वाटिका के पास जमकर हंगामा किया। मोरहाबादी से मुख्यमंत्री आवास घेरने जा रहे अभ्यार्थियों को पुलिस ने बापू वाटिका के पास ही रोक दिया। अभ्यार्थियों ने इसका जोरदार विरोध किया। पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच दिनभर नोक-झोक और धक्का-मुक्की का दौर चलता रहा। इसी बीच कुछ महिला अभ्यर्थी सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने लगीं। वे पुलिस के सामने हाथ जोड़कर सीएम आवास जाने देने की गुहार लगाने लगीं। कुछ ने तो पुलिसकर्मियों के पैर तक पकड़ लिए। कहा कि हमें हमारा हक लेने दो। हालांकि, पुलिस इस मामले में पहले से ही कमर कस कर बैठी थी। पुलिस ने किसी अभ्यर्थी को आगे बढ़ने नहीं दिया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे आक्रोशित अभ्यर्थी बापू वाटिका के समीप सड़क पर घंटो जमे रहे। शाम में बारिश होने के दौरान अभ्यर्थी सीएम आवास जाने लगे। मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका, लेकिन वे जाने पर अड़ गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को लाठी चटकाते हुए खदेड़ दिया। सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी में पुलिस बल की तैनाती देर शाम तक की गई थी।

पुलिस ने रोका तो सड़क पर ही बैठ गए
जानकारी के अनुसार राज्यभर के अभ्यर्थियों ने दस अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरने की घोषणा की थी। इसी के तहत मंगलवार को दिन के 11 बजे राज्यभर के विभिन्न इलाकों के दर्जनों अभ्यर्थी मोरहाबादी मैदान में जुट गए। बैनर-पोस्टर के साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने बिरसा मुंडा स्टेडियम के पास से रैली निकाली और सीएम आवास घेरने जाने लगे। लेकिन पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका के पास रोक दिया। आंदोलन कर रहे अभ्यार्थियों की पुलिस ने घेराबंदी कर दी। यह देखकर अभ्यर्थियो ने सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

मजिस्ट्रेट के साथ हुई वार्ता विफल
इसी दौरान दिन के तीन बजे आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की वार्ता हुई। अभ्यर्थियों ने उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया और सीएम से मिलवाने का आग्रह किया। लेकिन मजिस्ट्रेट ने सीएम के साथ वार्ता कराने से इनकार कर दिया। कहा कि आप ज्ञापन दें। आपकी मांगे सीएम तक पहुंचा दी जाएंगी। आंदोलन समाप्त करें। मगर मौजूद अभ्यर्थी सीएम से वार्ता की बात पर अड़े रहे।

सुबह से मोरहाबादी में तैनात थी पुलिस
राज्यभर के अभ्यर्थियों के रैली निकालने की जानकारी रांची पुलिस को एक दिन पहले ही मिल गई थी। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर मोरहाबादी मैदान और उसके आसपास इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। मंगलवार की सुबह जैसे ही मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थियों के जुटने की खबर मिली। सिटी डीएसपी दीपक कुमार, बुंडू डीएसपी अभय कुमार, सदर डीएसपी, सीसीआर डीएसपी के अलावा लालपुर थानेदार अरविंद कुमार सिंह, कोतवाली थानेदार शैलेश प्रसाद, सुखदेवनगर थानेदार ममता कुमारी, लोअर बाजार थानेदार संजय कुमार, इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह के अलावा अन्य पुलिसकर्मियों का दल मौके पर पहुंच गया। देर शाम तक पुलिसकर्मी वहीं डटे रहे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *