अफगानिस्तान की दो और प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान का कब्जा, बिना लड़े हथियार डाल दे रहे मिलिशिया

  काबुल 
तालिबान लड़ाकों ने सोमवार का अफगानिस्तान में दो और प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया है। उत्तरी प्रांत समांगन की राजधानी अयाबेक और सर-ए-पुल पर तालिबान लड़ाकों ने अपना वर्चस्व स्थापित किया है। उत्तरी सर-ए-पुल प्रांत की परिषद के प्रमुख मोहम्मद नूर रहमानी ने कहा कि अफगान सुरक्षा बलों ने एक हफ्ते तक शहर को तालिबान के कब्जे में जाने से बचाने की कोशिश की लेकिन सर-ए-पुल शहर पर तालिबान का नियंत्रण हो ही गया। उन्होंने कहा कि प्रांत से सरकारी बल पूरी तरह से पीछे हट गए हैं। रहमानी ने यह भी बताया कि सरकार समर्थक स्थानीय मिलिशिया के कई लड़ाकों ने बागियों के आगे बिना लड़े हथियार डाल दिए हैं जिससे उन्होंने पूरे सूबे पर कब्जा कर लिया है। तालिबान ने सर-ए-पुल के साथ ही पश्चिमी निमरोज़ प्रांत की राजधानी ज़रंज, उत्तरी जौज़जान प्रांत की राजधानी शेबरगान और अन्य उत्तरी सूबे तालकान की राजधानी जो इसी नाम से है, पर कब्ज़ा कर लिया है। 

कुंदुज पर कब्जा अहम
तालिबान उत्तरी कुंदुज प्रांत की राजधानी कुंदुज शहर पर नियंत्रण के लिए भी लड़ कर रहा है। रविवार को उन्होंने अपना झंडा शहर के मुख्य चौराहे पर लगा दिया। कुंदुज पर कब्जा तालिबान के लिए एक अहम बढ़त होगी और पश्चिम देशों के समर्थन वाली सरकार के खिलाफ अभियान के तहत क्षेत्र लेने और उसपर कब्जा बरकरार रखने की उसकी क्षमता की आजमाइश होगी। यह देश के बड़े शहरों में शुमार है जिसकी आबादी करीब 3.40 लाख है। सर-ए-पुल की प्रांतीय परिषद के प्रमुख रहमानी ने बताया कि सूबे की राजधानी कई हफ्ते से तालिबान की घेराबंदी में है और अतिरिक्त सैन्य सहायता भेजी नहीं जा सकी। सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दिख रहा है कि तालिबान के लड़ाके सर-ए-पुल के गवर्नर के दफ्तर के सामने हैं और जीत पर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *