एक बार फिर कोविड-19 के कारण घरेलू बैडमिंटन सीजन की शुरुआत टली

 नई दिल्ली 
कोविड-19 महामारी के कारण घरेलू बैडमिंटन सीजन की शुरुआत को एक बार फिर टालना पड़ा है। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) को स्थानीय अधिकारियों से टूर्नामेंट की मेजबानी की स्वीकृति नहीं मिलने के बाद बेंगलुरु में इस महीने होने वाले सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंटों को स्थगित करने को बाध्य होना पड़ा है। पहले सीनियर टूर्नामेंट (पुरुष और महिला दोनों) का आयोजन 27 अगस्त से तीन सितंबर तक होना था, जबकि दूसरी प्रतियोगिता चार से 11 सितंबर तक होनी थी। इसके साथ ही लगभग डेढ़ साल से अधिक के विलंब के बाद घरेलू सीजन बहाल होता।
 
बीएआई के महासचिव अजय सिंघानिया ने पीटीआई को बताया, 'दुर्भाग्य से अगली सूचना तक टूर्नामेंटों को स्थगित करना पड़ा है, क्योंकि कोविड-19 से जुड़ी मौजूदा स्थिति को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने हमें प्रतियोगिता की मेजबानी की स्वीकृति नहीं दी है।' इससे पहले बीएआई ने दो सीनियर टूर्नामेंटों के साथ अप्रैल में घरेलू टूर्नामेंटों को बहाल करने का फैसला किया था लेकिन देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण इसे स्थगित करने के लिए बाध्य होना पड़ा।
 
कर्नाटक बैडमिंटन संघ के सचिव पी राजेश ने कहा, 'हमें स्थानीय अधिकारियों से स्वीकृति नहीं मिली, क्योंकि केरल जैसे कुछ राज्यों में मामले बढ़ रहे हैं और बेंगलोर में भी सप्ताहांत कर्फ्यू लगाया जा रहा है।' उन्होंने कहा, 'साथ ही टूर्नामेंट के लिए 2000 से अधिक प्रविष्टियां थीं, जिसमें अंडर-18 बच्चे भी शामिल थे जो अधिक असुरक्षित होते।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *