गरीबों की रोटी-रोजी जैसी जरूरतों को सरकार पूरा करने के लिए संकल्पित – प्रभारी मंत्री सिंह

भोपाल

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार समाज के गरीब तबकों को रोटी-रोजी और मकान मुहैया कराने के लिए कृत-संकल्पित है। मंत्री सिंह, उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल के मुख्य आतिथ्य में भोपाल की हुजूर तहसील के आदमपुर छावनी ग्राम के सेवा सहकारी समिति परिसर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत हितग्राहियों को नि:शुल्क राशन वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, अतिरिक्त सचिव खाद्य प्रताप सिंह शाह, अपर आयुक्त पी.एस. पगति, संयुक्त आयुक्त महेन्द्र सिंह बिसेन एवं ऑर्गेनिक बोर्ड के एम.डी. विनय कुमार, कलेक्टर अविनाश लवानिया आदि उपस्थित थे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीब वर्ग को मुफ्त राशन वितरण के लिये हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। इस योजना के तहत प्रदेश में 25 हजार से भी ज्यादा सहकारी समितियों के माध्यम से लगभग 4 करोड़ जनता को नि:शुल्क राशन वितरण के किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार गरीब वर्ग को रोटी, मकान और स्वास्थ्य की सुविधा मुहैया कराने के लिये कृत-संकल्पित है।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब के आंसू पोछने का संकल्प के साथ प्रण लिया कि कोई गरीब भूखा नहीं सोयेगा जिसे इस योजना के माध्यम से पूरा किया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अन्त्योदय के कल्याण के कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। इस योजना के तहत करोड़ों लोगों को नि:शुल्क राशन देना सरकार का जनता के प्रति अपनत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खाते के माध्यम से पारदर्शिता के साथ हितग्राहियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचाया, उज्जवला योजना के माध्यम हर रसोई में एलपीजी गैस पहुँचाकर गरीब मॉ-बहनों को धुएं मुक्त रसोई से जोड़कर उनके जीवन को आसान बनाया।

कार्यक्रम को हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उपस्थित हितग्राहियों एवं अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन को सुना। सभी अतिथियों ने हितग्राहियों को नि:शुल्क राशन के बैग वितरित किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *