20 लाख का कर्ज नहीं चुका सका, किसान ने खेत में ही पी लिया कीटनाशक

नई दिल्ली

आंध्र प्रदेश में एक कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से एक किसान ने सुसाइड कर लिया। किसान ने खेत में ही कीटनाशक पी कर अपनी जान दे दी है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कृष्णा जिले की है। शनिवार को किसान की मौत हुई है। इस घटना को वीरूलापडू पुलिस थाने के संब इंस्पेक्टर सोमेश्वर राव ने कहा कि मृतक किसान की पहचान शेख मदर साहेब के तौर पर हुई है। मृतक किसान की उम्र 52 साल बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि साहेब के पास दो एकड़ जमीन थी। करीब 20 लाख रुपए का कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से किसान काफी दबाव में था। उधार नहीं चुका पाने की वजह से साहेब ने सुबह 6 बजे अपने खेत में कीटनाशक पी लिया। पुलिस के मुताबिक साहेब को खेत में देखने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसान को मधीरा सरकारी अस्पताल में करीब 9 बजे भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। न्यूज एजेंसी 'ANI' से बातचीत में पुलिस ने कहा कि शेख मदर साहेब डोड्डा देवारापडु गांव का रहने वाला था। उसके पास खेती योग्य 2 एकड़ जमीन थी लेकिन वो कर्ज में डूबा हुआ था। उसने अपने ही खेत में कीटनाशक पी है। इस मामले में धारा 174 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की तफ्तीश की जा रही है। आपको बता दें कि आंध्र प्रदेश देश का ऐसा राज्य हैं जहां साल 2018 के मुकाबले 2019 में किसानों की आत्महत्या के मामले दोगुने हो गए हैं। हाल ही में सामने आई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की एक रिपोर्ट के अनुसार आंध्र प्रदेश में 2018 में 375 किसानों ने सुसाइड की थी जबकि 2019 में ये आंकड़ा बढ़कर 628 हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *