बाढ़ प्रभावित नगरीय निकायों में सामान्य स्थिति बहाल करने 24 घंटे चल रहा कार्य

भोपाल

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि बाढ़ से प्रभावित ग्वालियर एवं चम्बल संभाग के सभी नगरीय निकायों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिये 24×7 निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी काम कर रहे हैं। उन्होंने जरूरी कार्यवाही शीघ्र करने के निेर्देश दिये हैं। प्रभावित नगरीय निकायों में आवश्यक भौतिक संसाधन एवं सुरक्षात्मक उपायों के लिये जरूरी सहयोग प्रदान करने के लिये संचालनालय स्तर पर और ग्वालियर में कंट्रोल-रूम स्थापित किया गया है। संचालनालय स्तर के कंट्रोल-रूम का प्रभारी अपर आयुक्त गौरव बेनल और ग्वालियर में बनाये गये कंट्रोल-रूम का प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी ग्वालियर श्रीमती जयति सिंह को बनाया गया है। कंट्रोल-रूम 24 घंटे काम करेगा।

श्योपुर में आयुक्त नगरीय प्रशासन कर रहे मॉनिटरिंग

आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज श्रीवास्तव आज स्वयं श्योपुर पहुँचकर बाढ़ राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित श्योपुर एवं बड़ौद में 4 मुख्य नगरपालिका अधिकारी और 4 उपयंत्री को आगामी 7 दिनों के लिये निकाय में ही कैम्प करने के लिये भेजा गया है। आसपास के नगरीय निकायों से अतिरिक्त श्रमिकों की टीम निकायों में भेजी गई है। नगरपालिक निगम भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना और नगरपालिका परिषद भिण्ड तथा मध्यप्रदेश अर्बन डेव्हलपमेंट कम्पनी से भी विभिन्न उपकरण भेजे गये हैं। इनमें सीवर सक्शन मशीन, जेटिंग मशीन, स्प्रे ट्रेक्टर, तिरपाल, जनरेटर आदि सामग्री भेजी गई है।

क्षतिग्रस्त आवासों का सर्वेक्षण

वर्षा के दौरान जिन परिवारों के घर टूटे हैं, उनका सर्वे कर प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत डीपीआर बनाने के निर्देश दिये गये हैं। राज्य स्तर पर भी सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

जल-प्रदाय व्यवस्था

नगरपालिका परिषद श्योपुर में 76 नलकूप चालू कर दिये गये हैं, जिनमें से 70 बिजली तथा 6 नलकूपों को जनरेटर से संचालित किया गया है। बड़ौद में विद्युत व्यवस्था बाधित होने के कारण 17 ट्यूबवेल को जनरेटर से संचालित किया जा रहा है। नगरपालिका परिषद डबरा में इंटेकवेल पम्प एवं पैनल बोर्ड पूरी तरह से डूब गये थे। इनके सुधार की कार्यवाही जारी है। अंतरिम व्यवस्था के तहत ट्यूबवेल के माध्यम से जल-प्रदाय की व्यवस्था की जा रही है। नगर परिषद इंदरगढ़ में अंतरिम रूप से ट्यूबवेल के माध्यम से जल-प्रदाय व्यवस्था की जा रही है।

नगरीय निकायों को संक्रामक रोगों के फैलने की संभावना को देखते हुए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने और सार्वजनिक शौचालयों को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिये गये हैं। बरसात में पीने के लिये उपयोग आने वाले पानी के लिये आवश्यक रसायनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *