लगातार बारिश से बिगड़े शहर के हालात, करीब 50 मकान क्षतिग्रस्त

अशोकनगर
लगातार छह दिनों से हो रही बारिश के चलते शहर में स्थिति बिगडऩे लगी है। करीब 40 से 50 मकानों को बारिश के कारण नुकसान पहुंचा है इनमें से कई मकान ऐसे हैं जो पूरी तरह से धराशायी हो गए हैं। हालांकि ज्यादातर मकानों में 15 से 20 प्रतिशत नुकसान बताया जा रहा है जबकि करीब 20 से 25 मकान ऐसे हैं जिनमें 50 प्रतिशत से अधिक क्षति हुई है। प्रशासन ने लोगों को राहत पहुंचाने के लिए डोर टू डोर प्राथमिक सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे में कच्चे, पक्के, अद्र्ध कच्चे यानी किसी भी प्रकार के ऐसे आशियाने जिन्हें बारिश के कारण नुकसान पहुंचा है उनका सर्वे कर क्षति का आंकलन किया जा रहा है। सर्वप्रथम ऐसी निचली बस्तियों को चिन्हित किया गया है जहां जलभराव की स्थिति रहती है।  इसमें भी करीब 25 से 30 मकान क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

हालांकि सर्वे का काम निरंतर चल रहा है एवं वास्तविक सर्वे बारिश थमने के बाद ही हो पाएगा। बहरहाल जिन लोगों के मकान गिर गए हैं उन्हें शासकीय भवनों या किराये के मकान में पहुंचाकर उन्हें एक माह का राशन प्रदान किया जा रहा है जिससे कि उन्हें आशियाना और भोजन उपलब्ध हो सके।

इनका कहना है
प्राथमिक सर्वे किया जा रहा है, इसमें कम से कम 20-25 मकान ऐसे मिले हैं जिन्हें 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है। 25-30 मकान ऐसे हैं जिनमें नुकसान 15 से 20 प्रतिशत से कम है। सर्वे आगे भी जारी रहेगा क्योंकि अभी बारिश जारी है।
कृष्णभान सिंह यादव, शहर पटवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *