दिल्ली के सभी निजी लैब, अस्पताल में सिर्फ 500 रुपये में होगी आरटीपीसीआर जांच

 नई दिल्ली 
दिल्ली में आरटीपीसीआर जांच कराना अब और सस्ता हो गया है। दिल्ली में अब यह जांच महज 500 रुपये में होगा। पहले यह दर 800 रुपये थी। दिल्ली सरकार की ओर से इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दिया गया है। दिल्ली के सभी निजी लैब, अस्पताल में यह नई दरें लागू होंगी। यही नहीं घर बैठे जांच का सैंपल देने वालों को भी अब कम पैसे देने होंगे। सरकार ने अब घर से सैंपल देने की दर 1200 रुपये से घटाकर 700 रुपये कर दी है।

दिल्ली में यह दूसरा मौका है जब कोविड जांच की दरें घटाई गई हैं। इससे पहले 30 नवंबर 2020 में कोविड जांच की दरें घटाई गईं थीं। उस समय दिल्ली में आरटीपीसीआर जांच की दर 2400 रुपये थी। अब एक बार फिर इसकी दरें घटाने की जानकारी ट्वीट करके देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोविड जांच की दरें घटाने का फायदा आम आदमी को होगा। सरकार को उम्मीद है कि दरें सस्ती करने से लोग जांच कराने के लिए भी आगे आएंगे। इससे कोरोना संक्रमितों की पहचान करके उसे आगे फैलने से भी रोका जा सकेगा। 

रैपिड के लिए चुकाने होंगे 300 रूपये 
रैपिड एंटीजन किट से जांच कराने के लिए अब 300 रुपये देने होंगे। वर्तमान में कई निजी अस्पताल रैपिड एंटीजन किट जांच के लिए अलग-अलग कीमत ले रहे थे। कई अस्पताल तो 500 रुपये तक वसूल रहे थे, लेकिन अब सभी निजी अस्पतालों को रैपिड एंटीजन जांच के लिए 300 रुपये ही लेने होंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *