प्रदेश के तीनों हाईकोर्ट में 9 अगस्त से फिजिकल हियरिंग

इंदौर
 मध्यप्रदेश की तीनों हाईकोर्ट में 9 अगस्त से प्रत्यक्ष सुनवाई (फिजिकल हियरिंग) प्रारंभ हो जाएगी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगभग थमने के कारण प्रत्यक्ष सुनवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था भी जारी रहेगी। वकील या पक्षकार को अपने केस की सुनवाई के एक दिन पहले दोनों में एक विकल्प चुनना होगा।

चीफ जस्टिस ऑफ मध्यप्रदेश की अध्यक्षता में  हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में ग्वालियर और इंदौर के प्रशासनिक न्यायामूर्ति के साथ ही तीनों हाईकोर्ट की बार एसोसिएशन (तदर्थ समिति) के अध्यक्ष भी शामिल हुए। शाम 4.30 बजे से करीब एक घंटे चली बैठक में इंदौर से तदर्थ समिति के संयोजक वीर कुमार जैन शामिल हुए। उन्होंने बताया, अधिकांश बार के प्रतिनिधि प्रत्यक्ष सुनवाई शुरू कराने के पक्ष में थे। हालिया परिस्थितियों को देखते हुए दोनों विकल्प शुरू करने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि कोरोना के चलते पिछले मार्च से अब तक अधिकांश केसों की वर्चुअल सुनवाई ही हो रही है। पिछले वर्ष कुछ समय के लिए जरूर प्रत्यक्ष सुनवाई हुई थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के चलते इस दोबारा बंद करना पड़ा था। दूसरी लहर के बाद जबलपुर हाईकोर्ट सहित तीनों हाईकोर्ट में लगातार वर्चुअल सुनवाई ही चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *