फर्नीचर खरीदी में गड़बड़ी,जिला शिक्षा अधिकारी की छुट्टी व डीईओ अटैच
रायपुर। मानसून सत्र के 5वें दिन की कार्यवाही के दौरान बेमेतरा में फर्नीचर खरीद में गड़बड़ी का भी मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक आशीष छाबड़ा ने ही स्कूलों के लिए फर्नीचर खरीदी में गड़बड़ी की ओर सरकार का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा, जिले में बड़े पैमाने पर अनियमितता की गई है। विपक्ष का साथ मिला तो स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बेमेतरा के जिला शिक्षा अधिकारी को हटाने और मामले की जांच कराने की घोषणा कर दी। वहीं डीईओ को संयुक्त संचालक कार्यालय, दुर्ग से अटैच किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश में खुल रहे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की संख्या, मान्यता और सेटअप के बारे में सवाल पूछा। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने प्रदेश भर में 171 स्कूलों के संचालन शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया, प्रत्येक ब्लॉक में ऐसा एक स्कूल खोला जा रहा है। इसमें नियुक्ति और प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। डॉ. रमन सिंह ने कहा, दुर्ग के पाटन क्षेत्र में एक से अधिक स्कूल कैसे खुल गए हैं, जबकि कई ब्लॉकों में एक भी स्कूल नहीं खुला। संतोषजनक उत्तर नहीं आने पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा कर दिया।
