योगी सरकार के विजन डाक्यूमेंट में संशोधन, कैसी दिखेगी राम की नगरी अयोध्या? 

लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाव पर राज्य सरकार अयोध्या के विकास मॉडल में बदलाव करने जा रही है। प्रधानमंत्री के सुझाव के आधार पर अयोध्या को धार्मिक नगरी के साथ ही अब इस रूप में बसाया जाएगा ताकि मिनी भारत की छवि दिखे। प्रधानमंत्री के सुझाव पर अयोध्या विजन 2051 को अयोध्या विजन 2047 किया जा रहा है। इसको देश की आजादी के 100 वर्ष के साथ जोड़ा जा रहा है। अयोध्या को मिनी भारत के रूप में प्रोजेक्ट किया जाएगा। यहां पर पूरे देश का प्रतिनिधित्व होगा। यह समग्र भारत को प्रदर्शित करेगा, जिससे वर्तमान संरचना में भी रामायणकालीन प्रेरक प्रसंग की अनुभूति हो सकेगी। चौराहों का विकास और नामकरण अध्यात्मिकता को समावेशित कर अयोध्या की पृष्ठ भूमि को परिलक्षित किया जाएगा। अयोध्या में चार से छह माह में पब्लिक यूटीलिटि यानी शौचालय व विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाएगी, जिससे अभी आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

डिजिटल टूरिस्ट गाइड भी होगा
प्रधानमंत्री ने यह भी सुझाव दिया है कि अयोध्या विकास के लिए नियमों में अगर संशोधन की जरूरत हो तो उसे भी किया जाए, लेकिन पर्यटकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। सड़कों के किनारे छोटे-छोटे होटल और धर्मशाला बनाने पर भी विचार हो। अयोध्या के लिए डिजिटल टूरिस्ट गाइड भी बनाने को कहा गया है। इससे पर्यटक अयोध्या व यहां उपलब्ध सुविधाओं, विशेष स्थलों के बारे में आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह काम तुरंत किया जा सकता है। अयोध्या विकास का मॉडल अभी ढांचागत सुविधाओं पर आधारित है। इसमें आत्मा कैसे आए इस पर भी विचार करने का सुझाव दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *