राहुल गांधी ने कहा- पेगासस-किसानों के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं, मोदी सरकार कर रही है हमें बदनाम 

नई दिल्ली
बुधवार को संसद की कार्यवाही से पहले विपक्ष की संयुक्त बैठक हुई, जिसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'हम महंगाई, पेगासस और किसानों के जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करना चाहते। हम इन सारे मुद्दों पर केवल सदन में चर्चा चाहते हैं। विपक्ष संसद में देशहित के मुद्दे उठाना चाहता है लेकिन सरकार उसे बदनाम करने की साजिश रच रही है।'
 
इस बारे में कांग्रेस पार्टी की ओर से एक ट्वीट भी किया है, जिसमें भी मोदी सरकार पर तंज कसा गया है। उसने अपने ट्वीट में कहा है कि मोदी सरकार को बहस से डर लगता है। इसका एकमात्र कारण है कि संसद में चर्चा करने से मोदी सरकार की राष्ट्र विरोधी, अलोकतांत्रिक मंशा देशवासियों के समक्ष स्पष्ट हो जाएगी। मोदी सरकार हमारे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर आक्रमण बंद करे।

मालूम हो कि एक दिन पहले पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया था। पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस न सदन चलने देती है और न चर्चा होने देती है, वो जानबूझकर ऐसा करती है। पीएम मोदी ने तल्ख शब्दों में कहा था कि कांग्रेस संसद की बैठकों का बहिष्कार कर रही है,उन्हें चर्चा के लिए बुलाया जाता है तो वो आते नहीं हैं। महामारी पर एक बैठक बुलाई गई थी लेकिन वो उसमें भी नहीं आई और उल्टा उसने दूसरे दलों को भी मीटिंग में आने से रोका। पीएम मोदी ने भाजपा पार्टी के सांसदों से कहा था कि वह विपक्ष को बेनकाब करें, वो लोगों को बताएं की हाय तौबा मचाने वाली कांग्रेस क्या कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *