सांवेर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की समीक्षा

भोपाल

जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन के संबंध में समीक्षा बैठक ली। बैठक में निर्माणाधीन अस्पताल भवनों का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री सिलावट ने अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह के अंत में सभी कार्यों की समीक्षा करें और प्रगति से अवगत कराएँ।

बैठक में मंत्री सिलावट ने सभी स्वीकृत कार्यों की जानकारी ली। जहाँ कहीं भवन निर्माण में ज़मीन की दिक़्क़त आ रही है, वहाँ निर्देश दिए कि तहसीलदारों के समन्वय से कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। जहाँ कहीं भी शासकीय ज़मीन पर अतिक्रमण है, वहाँ अतिक्रमण हटाया जाए और निर्माण कार्य के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाए। मंत्री सिलावट ने बैठक में निर्देश दिए कि सांवेर और क्षिप्रा में प्रदान की गई एंबुलेंस का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। रोगी कल्याण समिति की बैठक कर रेट तय कर किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीज़ों और उनके परिजनों को इसका फ़ायदा मिल सके।

मंत्री सिलावट ने सांवेर के शासकीय अस्पताल में ऑक्सीज़न प्लांट की स्थापना के भी निर्देश दिए।

नौ उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण हुआ पूरा

बैठक में सांवेर में निर्माणाधीन अस्पताल भवन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। यह अस्पताल भवन लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। मंत्री सिलावट ने कहा कि इसके बनने से सांवेर क्षेत्र को एक बड़ी सौग़ात मिलेगी। बैठक में बताया गया कि ढाबली, खजूरिया, गोरान, मकोड़िया, धरमपुरी, शाहना, तराना, अजनोद और चित्तौड़ा में स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र के भवनों का निर्माण पूरा हो गया है और इनका शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *