राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के उन्नत कपड़े के लिए आईआईटी दिल्ली के स्टार्टअप स्वात्रिक का फ्लैग फाउंडेशन आफ इंडिया से हुआ करार
रायपुर
आईआईटी-दिल्ली के स्टार्टअप स्वात्रिक ने देश के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का उत्कृष्ट और उन्नत कपड़ा विकसित करने के लिए फ्लैग फाउंडेशन आॅफ इंडिया के साथ करार किया है। इस स्टार्टअप के माध्यम से तिरंगा के बेहतरीन कपड़े के लिए अनुसंधान करने के वास्ते हाल ही में एफआईटीटी, आईआईटी-दिल्ली और फ्लैग फाउंडेशन आॅफ इंडिया के बीच एक समझौतै पर हस्ताक्षर किये गए थे।
आईआईटी-दिल्ली के कपड़ा और फाइबर इंजीनियरिंग विभाग के शोधकतार्ओं द्वारा शुरू किया गया स्टार्टअप स्वात्रिक, भारतीय घरेलू कपड़ा और परिधान उद्योगों में स्मार्ट और फंक्शनल उत्पादों की नई और प्रतिस्पर्धी श्रेणियों के व्यावसायीकरण में मदद करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक विकसित करने का काम कर रहा है। 26 जनवरी 2002 को भारतीय नागरिकों को पूरे वर्ष अपना राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति प्रदान कर दी गई। इसके बाद 23 जनवरी 2004 को एक ऐतिहासिक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने माना कि पूर्ण मान-सम्मान के साथ स्वतंत्र रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार एक मौलिक अधिकार है।
भारत की विविध जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ध्वज के कपड़े डिजाइन और विकसित करना एक बड़ी चुनौती है। ध्वज के लिए सामग्रियों का चयन और डिजायन विशेष रूप से किये जाने की आवश्यकता है ताकि वजन भी कम रहे और बहुत अधिक गर्मी, बहुत अधिक ठंड अथवा भारी बरसात में भी तिरंगा पूरी मजबूती और आन-बान-शान से फहराता रहे। स्वात्रिक के मेंटर और आईआईटी-दिल्ली के कपड़ा एवं फाइबर इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. बिपिन कुमार ने कहा यह समय की आवश्यकता है कि ध्वज निमार्ताओं को ध्वज की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए उचित मानकों और विषय के गंभीर ज्ञान अथवा तकनीकी धागा-तंतु के कौशल से यथोचित सहयोग दिया जाए ताकि झंडे के कपड़ों की गुणवत्ता में वांछित सुधार आए।
गौरतलब है कि फ्लैग फाउंडेशन आॅफ इंडिया एक गैर-सरकारी संगठन है, जो सोसाइटी रजिस्ट्रेशन ऐक्ट-1980 के तहत पंजीकृत है। संस्था का सपना है कि अधिक से अधिक भारतीयों के हाथ में तिरंगा हो और उनके मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गर्व की अनुभूति भी हो।
