सफाई कर्मियों ने बाहर निकाला बूढ़ातालाब में बुजुर्ग महिला का शव

रायपुर
रोजाना की तरह सफाई कर घर लौट रहे सफाई कर्मचारियों ने एक महिला का शव बुढ़ातालाब में तैरते हुए देखा और वह जिंदा होगी करके तालाब में कूदे और तालाब से बाहर निकले, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सफाई कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना पुरानी बस्ती पुलिस को दी और पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेज दिया। वहीं महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, उसके पर्स से एक लड़की की फोटो मिली है जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

सफाई कर्मी ने बताया कि रोजाना काम खत्म करके वे घर लौट रहे थे कि लगभग 11 बजकर 30 मिनट के आस-पास बुढ़ातालाब में औंधे मुंह डूबी महिला पर पड़ी और उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गए और बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सफाई कर्मियों ने बताया कि इसी तरह दिखने वाली एक महिला 15 दिन पहले भी यहां नजर आई थी, मगर ये वही है या नहीं कह नहीं सकते। सफाई कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना पुरानी बस्ती पुलिस को दी, तब तक वहां से गुजर रहे लोगों की वहां पर भीड़ उमड़ पड़ी और पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को वहां से खदेड़ा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस को महिला के पास से एक हैंड पर्स मिला है इसमें सिर्फ एक लड़की की फोटो मिली थी। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि यह उसकी बहू, बेटी या नाती-पोती हो सकती है जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। वहीं तालाब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी जांच की जा रही है ताकि इस मौत से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *