उत्तरकाशी में अतिवृष्टि से गदेरा उफान पर, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तरकाशी
उत्तराखंड में बारिश के बाद पहाड़ों पर नदियां उफान पर आ गई हैं। उत्तरकाशी में रविवार देर रात अतिवृष्टि के कारण अचानक भागीरथी नदी समेत गाड़-गदेरे उफान पर आ गए।

ग्राम मांडों, कंकरडी व निरकोट में अतिवृष्टि से आवासीय घरों में पानी घुस गया। साथ ही गदेरा उफान पर आने से तीन लोग मलबे में फंसकर घायल हो गए। एसडीआरएफ व आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने गणेश बहादुर पुत्र काली बहादुर, रविन्द्र पुत्र गणेश बहादुर, रामबालक यादव पुत्र मकुर यादव को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के अनुसार, मांडो गांव में नौ मकानों में पानी घुस गया। जबकि दो मकान पूरी तरह से धवस्त हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में तीन लोग मलबे में दबे हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी जैसे जिलों में अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी दून और जिले के तमाम इलाकों में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ ही राजस्व, पुलिस, सिंचाई, लोक निर्माण समेत तमाम विभाग के अधिकारियों को भी अलर्ट रहने को कहा है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को हिदायत दी है कि किसी प्रकार की आपदा की जानकारी मिलती है तो अधिकारी न सिर्फ तत्काल मौके पर पहुंचे, वरन आपदा राहत से जुड़े तमाम कार्यों को तेजी से कराया जाए। कहा कि यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *