अगला विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे-डी पुरंदेश्वरी

रायपुर
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने कहा है कि आने वाले 2023 के चुनावों में भाजपा का छत्तीसगढ़ में चेहरा नहीं विकास का मुद्दा लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। चुनाव के बाद पार्टी तय करेगा कि चेहरा कौन होगा। पिछले दो दिन से संगठन स्तर पर लगातार बैठकें लेकर उन्हे सक्रिय किया जा रहा है।

पत्रकारों से चर्चा करत हुए डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव के दौरान बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया था लेकिन अब तक नहीं दिया है, यह प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा है। कांग्रेस महिला सुरक्षा के वादे के साथ आई थी, लेकिन सरकार बनने के बाद महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। वहीं राज्य में धर्मांतरण के मामले आदिवासी इलाकों में लगातार बढ़ती ही जा रही है, इसे रोकने में राज्य सरकार विफल रही है। गरीबों को करीब 7 लाख घर देना बाकी है लेकिन अभी तक इस ओर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। वहीं भाजपा गरीबों के लिए काम कर रही है। छत्तीसगढ़ भाजपा 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के द्वारा 15 सालों में किए गए कार्यों को लेकर चुनाव में उतरेगी और उन्हें उम्मीद है कि एक बार फिर भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में बनेगी। डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार एक्साइज ड्यूटी घटा दे तो पेट्रोल सस्ता हो जाएगा, अपने हिस्से का टैक्स कम करके कांग्रेस सरकार जनता को राहत क्यों नहीं देती।

डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि प्रदेश के किसानों को खाद नहीं मिल रही, बीज नहीं मिल रहे। इससे पूरे राज्य में किसान परेशान हैं। इस सरकार में किसानों की अनदेखी हो रही है। यही हाल रहा तो प्रदेश की सरकार के लिए किसानों को जवाब देना मुश्किल होगा। हम तो चाहते हैं कि मुख्यमंत्री बताएं क्यों किसानों को खाद बीज नहीं मिल रहा। अपनी असफलता का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोडऩा ठीक नहीं, राज्य सरकार श्वेत पत्र जारी करके बताए कि कितना खाद केंद्र से मांगा और नहीं मिला। केंद्र में मोदी कैबिनेट का विस्तार हुआ छत्तीसगढ़ से किसी को जगह नहीं मिली, इस सवाल के जवाब में डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि राज्य से मंत्री होगा तभी राज्य को फायदा मिलेगा ये सोच ठीक नहीं। छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र की सरकार कभी अन्याय नहीं करती। यहां जो तय फंड हैं मिलते हैं यहां किसानों को जो फायदा देना है केंद्र की सरकार देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *