दो महीने से बंद दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-2 फिर 22 जुलाई से होगा शुरू

 नई दिल्ली 
दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-2 फिर से 22 जुलाई को खुलने जा रहा है। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए यहां आगमन परिसर मार्ग जो टी 2 और टी 3 को जोड़ता है, उसे चौड़ा किया गया है। यहां अस्थायी बैरिकेडिंग कर (पाथवे) आवाजाही का रास्ता बनाया गया है, जिससे आने वाले और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन मेट्रो पर जाने वाले यात्रियों को आवाजाही में सुविधा हो। 

दोबारा खुलने के बाद तड़के 3 बजे यहां से कोलकता के लिए पहली उड़ान रवाना होगी। शुरुआत में इंडिगो और गो एयर एयरलाइन की आगमन और प्रस्थान वाली कुल मिलाकर प्रतिदन 200 उड़ानें होंगी। आगे इन्हें 280 तक बढ़ाने की योजना है। अभी करीब 25 हजार यात्री यहां से सफर करेगा। यहां 11 काउंटर गोएयर के और 16 काउंटर इंडिगो के बनाए गए हैं। फिलहाल कोरोना संक्रमण और यात्री संख्या कम होने के चलते सभी उड़ानें टर्मिनल 3 से चल रहीं थी। 18 मई को टर्मिनल 2 को बंद किया गया था। 

हवाई अड्डे पर सामाजिक दूरी के मानदंडों के अनुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं। चेक-इन हॉल, सुरक्षा जांच क्षेत्रों, बोर्डिंग गेटों पर सामाजिक दूरी के निशान बनाए गए हैं। 22 क्योस्क प्रवेश द्वार पर ई बोर्डिंग के लिए लगाए गए हैं। करीब 200 कर्मचारी 24 घंटे हवाईअड्डे पर सैनेटाइजेशन और साफ-सफाई करेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *