मंत्री डंग और पटेल द्वारा लगभग 15 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन

भोपाल

पर्यावरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग ने पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल के साथ सोमवार को प्रभार के जिले बड़वानी में लगभग 15 करोड़ रूपये के 16 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। विकास कार्यों में 14 नल-जल योजना, 2 सड़क, सीमेंट काँक्रीटीकरण और नाला निर्माण शामिल हैं। सांसद राज्य सभा सदस्य डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और लोक सभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल भी मौजूद थे।

हर ग्रामीण को मिलेगा 55 लीटर शुद्ध पेयजल

मंत्री डंग ने जिले में जल जीवन मिशन की "हर घर जल" योजना में 12 करोड़ 53 लाख रूपये से अधिक की 14 नल-जल योजनाओं का भूमि-पूजन किया। योजना के तहत वर्ष 2024 तक सभी घरों में नल जल कनेक्शन प्रदाय किया जाना है। इसमें जल स्त्रोतों का संरक्षण कर उन्हें सतत् बनाने और जल के पुन: उपयोग करने जैसे उपायों की जरूरत पर भी अभियान चलाया गया है। सभी गाँवों में नल जल उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। प्रस्तावित नवीन योजनाओं के पूरा होने पर प्रत्येक परिवार को 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रति दिन के मान से शुद्ध जल मिलने लगेगा।

डंग ने ग्राम हतोला में एक करोड़ 75 लाख 59 हजार रूपये लागत की नल-जल योजना का भूमि-पूजन किया। गाँव की वर्तमान जनसंख्या 3130 है और 15 हैण्ड पंप चालू अवस्था में है। पर्यावरण मंत्री ने 2390 की जनसंख्या वाले रणगाँव (दवाना) में एक करोड़ 37 लाख 94 हजार रूपये लागत के 544 कनेक्शन, कोयडिया में एक करोड़ 16 लाख 25 हजार लागत के 444 नल कनेक्शन, बांदरकच्छ में एक करोड़ 10 लाख 87 हजार लागत के 328, मोहिपूरा में एक करोड़ 9 लाख 95 हजार के 301, टिटगारिया में 85 लाख 47 हजार के 244, सेमल्दा डेब में 68 लाख 8 हजार रूपये के 221, ग्राम गवला में 69 लाख 9 हजार रूपये के 207, ग्राम नन्दगाँव में 47 लाख 89 हजार के 140, ग्राम कपाल्याखेडी में 84 लाख 45 हजार लागत के 230, अभाली में 91 लाख 6 हजार के 332, ग्राम अजन्दी में 42 लाख 14 हजार के 171, लहडगॉव में 32 लाख 82 हजार के 50 और मेहगाँव डेब में 81 लाख 42 हजार के 278 प्रस्तावित नल-जल कनेक्शन का भूमि-पूजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *