पीसीसी का पुनर्गठन, नई कार्यकारिणी बनाने पर कमलनाथ का जोर

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन को लेकर होमवर्क पूरा हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि अब जल्द ही पुरानी कार्यकारिणी को भंग किया जा सकता है। इसके कुछ दिन बाद नई कार्यकारिणी का ऐलान किया जाएगा। दिल्ली से प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी की सूची जारी की जाएगी।
सूत्रों की मानी जाए तो कमलनाथ ने पिछले तीन दिनों में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं और एक दर्जन विधायकों से मुलाकात की। इस दौरान संगठन को लेकर उनकी चर्चा हुई। इन मुलाकातों के जरिए सभी प्रमुख नेताओं को साधने का काम कमलनाथ ने किया। माना जा रहा है इन मुलाकातों का असर पीसीसी के पुनर्गठन पर भी दिखाई देगा। सभी नेताओं की राय से नई कार्यकारिणी बनाने पर कमलनाथ ने जोर दिया है। इससे साफ है कि प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं से जुड़े कार्यकर्ताओं को नई कार्यकारिणी में महत्व दिया जा सकता है।

क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
वहीं क्षेत्रीय संतुलन भी नई कार्यकारिणी में बनाया जाएगा। जिसमें विंध्य, महाकौशल, बुंदेलखंड, चंबल, मध्य और मालवा-निमाड़ के कार्यकर्ताओं को लगभग बराबरी से मौका दिया जाएगा। वहीं इन जिलों में उपचुनाव होना है, वहां के प्रमुख कांग्रेस नेताओं को भी महत्व दिये जाने का तय हुआ है। बताया जाता है कि इन सभी संतुलन के साथ कमलनाथ ने पीसीसी के पुनर्गठन को लेकर पूरा होमवर्क कर लिया है।

आज दिल्ली जा रहे कमलनाथ
पीसीसी चीफ कमलनाथ आज दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली में वे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक और अन्य आला नेताओं से चर्चा करने के बाद एआईसीसी को अपनी फाइनल सूची देंगे। इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग किया जा सकता है। इसके कुछ दिनों बाद ही नई कार्यकारिणी का ऐलान एआईसीसी से  किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *