प्रतिमा भौमिक ने रचा इतिहास

 नई दिल्ली 
बुधवार को पीएम मोदी ने अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। इस कैबिनेट विस्तार और फेरबदल में 15 कैबिनेट मंत्रियों और कई राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया। राज्य के सात मंत्रियों को कैबिनेट रैंक में पदोन्नत किया गया है। इस दौरान त्रिपुरा की प्रतिमा भौमिक ने भी केंद्रीय मंत्री के तौर पर शपथ ली लेकिन उन्होंने ऐसा करते ही इतिहास रच दिया। दरअसल, प्रतिमा भौमिक त्रिपुरा की पहली नेता हैं जो केद्रीय मंत्री बनी हैं। 

52 साल की प्रतिमा भौमिक का लोकप्रिय नाम 'प्रतिमा दी' है। इससे पहले संतोष मोहन देब और त्रिगुन सेन त्रिपुरा से सांसद चुने गए और केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हुए। बहरहाल, वे त्रिपुरा के रहने वाले नहीं थे। देब जहां असम के सिलचर के रहने वाले थे, वहीं सेन पश्चिम बंगाल से थे। भौमिक की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने ट्वीट किया, 'त्रिपुरा के लिए गौरव का क्षण कि प्रतिमा भौमिक जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिपरिषद में शामिल हुई हैं।'

भौमिक पहली बार सांसद बनी हैं और वह पिछले लोकसभा चुनावों में पश्चिम त्रिुपरा लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई थीं। इससे पहले वह भाजपा की त्रिपुरा इकाई की महासचिव थीं। लेकिन सासंद चुने जाने के बाद पद छोड़ दिया और वर्तमान में राज्य इकाई की उपाध्यक्ष हैं। त्रिपुरा महिला कॉलेज से विज्ञान में स्नातक भौमिक लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहने के बावजूद चर्चाओं से दूर रहना पसंद करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *