पाकिस्तानी NSA बोला – RAW से जुड़े भारतीय शख्स ने कराया हाफिज सईद के घर के बाहर धमाका

इस्लामाबाद
दुनियभार में आतकंवाद को लेकर कुख्यात पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर कीचड़ उछालने की कोशिश की है। पिछले दिनों लाहौर में वैश्विक आतंकवादी और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के घर के बाहर हुए बम धमाके को लेकर पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाए हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. मोईद यूसुफ ने रविवार को कहा कि भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ से जुड़े एक शख्स ने लाहौर में धमाका कराया है।  पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा कि लाहौर के जोहर टाउन में पिछले महीने हुए धमाके की जांच में मिले सबूत भारत की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने ना तो उस कथित भारतीय का नाम बताया है और ना ही आरोप लगाते समय कोई सबूत सामने रखा। पंजाब पुलिस प्रमुख और इमरान खान सरकार में मंत्री फवाद चौधरी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मोईद ने यह भी कहा कि जांच को भटकाने के लिए उस दिन पाकिस्तान पर कई साइबर अटैक किए गए।

आतंकवादियों को पालने और फंडिंग देने की वजह से एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में छटपटा रहे पाकिस्तान के एनएसए से जब पूछा गया कि क्या हमले में भारत शामिल है? उन्होंने कहा जिस दिन धमाका हुआ, उस दिन देश के सूचना ढांचे पर हजारों साइबर हमले हुए, ताकि जांच में सफलता ना मिले और घटना में शामिल लोगों को गायब होने का मौका मिल सके। मोईद ने कहा, ''हमें कोई आशंका नहीं थी कि जोहर में हुए धमाके और साइबर हमलों में लिंक था। जितनी संख्या में साइबर हमले हुए उससे कोई शक नहीं है कि हमारा पड़ोसी देश इसमें शामिल है।'' युसूफ ने कहा कि हमले के लिए पैसा भी भारत से आया था। पैसा किसी तीसरे देश के रास्ते भेजा गया। हीं, भारत में ड्रोन हमले को लेकर घिरे पाकिस्तान के एनएसए ने कहा कि भारत लाहौर धमाके से ध्यान भटकाने की कोशिश की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट किया कि उन्होंने अपनी टीम को जौहर बम धमाके की जांच में मिले तथ्यों को देश को बताने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *