सिगरेट बनाने वाली कंपनी की 25 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी

नई दिल्ली
जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने हरियाणा में एक सिगरेट बनाने वाली कंपनी की करीब 25 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी है। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) इंटेलीजेंस, के चंडीगढ़ जोनल आॅफिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। खुफिया जानकारी के आधार पर ज्वाइंट डायरेक्टर बलविंदर सिंह और डिप्टी डायरेक्टर नवनीत कौशल के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों ने हरियाणा के टोहाना में कंपनी के ठिकानों पर छापा डाला।

साथ ही चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र और सोनीपत में उसके कुछ वितरकों तथा उसे कच्चा माल बेचने वालों के परिसरों में भी तलाशी ली। जीएसटी के खुफिया अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कंपनी टैक्स चोरी करने के लिए सिगरेट की कुछ खेप गैरकानूनी तरीके से अपने ठकानों से इधर-उधर कर देती है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कंपनी के मालिक के कार्यालय-सह-रिहाइशी परिसरों में 10 करोड़ रुपए की बेहिसाब नकद राशि बरामद की और गड़बड़ी का संकेत देने वाले कई दस्तावेज भी जब्त किए। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है और अभी तक करीब 25 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का मामला दिखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *