स्कूलों को 11वीं में बिना टेस्ट देना होगा एडमिशन
पटना
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सभी स्कूलों को उन छात्रों का 11वीं में सीधा नामांकन लेना होगा, जिन्होंने उसी स्कूल से दसवीं पास किया है। स्कूल द्वारा छात्रों का ना तो लिखित परीक्षा ली जायेगी और ना ही नामांकन लेने से मना किया जायेगा। छात्र के अंक अनुसार स्कूलों को नामांकन लेना है। इसको लेकर सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश भेजा है। बोर्ड के निर्देश की मानें तो 11वीं में स्कूल अपने छात्रों को मना नहीं कर सकते हैं। उन्हें नामांकन लेना होगा।
ज्ञात हो कि कोरोना के कारण इस बार बोर्ड परीक्षा रद्द कर दिया गया। बोर्ड द्वारा आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दसवीं का रिजल्ट 20 जुलाई को दिया जायेगा। छात्रों के सत्र में देरी ना हो, इसके लिए बोर्ड ने सभी स्कूलों को 11वीं में नामांकन लेने की अनुमति दी है। बोर्ड के आदेश के बाद कई स्कूलों ने 11वीं में नामांकन लिया भी है। दिल्ली पब्लिक स्कूल पटना की बात करें तो प्री बोर्ड अंक के आधार पर 11वीं में नामांकन लिया गया है। नामांकन लेने के बाद 11वीं का सत्र भी शुरू हो चुका है।
प्रोविजनल नामांकन लेना है स्कूलों को: बोर्ड की मानें तो 11वीं में नामांकन अभी प्रोविजनल होगा। रिजल्ट निकलने के बाद दोबारा नामांकन को स्कूल प्रशासन रिवाइज कर सकता है। डीएवी बीएसईबी की मानें तो स्कूल द्वारा ऑनलाइन लिखित परीक्षा ली गयी है। ऑनलाइन इंटरव्यू हुआ है। जिन छात्रों का चयन होगा, उन्हें अभी प्रोविजनल नामांकन 11वीं में लिया जायेगा।
