तीन महीने बाद जुलाई में बढ़ सकते हैं जमीनों के दाम

भोपाल
राजधानी में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर मार्च महीने के आखिरी दिनों में तेज होने के कारण शासन के निर्देश पर राजधानी में प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन 2021-2022 को टाल दिया गया था। अब शासन द्वारा दिया गया टाइम दो दिन बाद खत्म हो रहा है। ऐसे में संभावना है कि जिले में एक जुलाई से प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन लागू हो सकती है। नई गाइडलाइन लागू होने के कारण शहर में 15 से 20 फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़ सकते हैं। जिला मूल्यांकन समिति के प्रस्ताव पर शासन ने जिले में जमीनों के दाम बढ़ाने को लेकर तीन महीने पहले ही मंजूरी दे दी थी, जो अब मान्य होने की संभावना है। हालांकि विभागीय सूत्रों का दावा है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही निर्णय लेंगे कि नई गाइडलाइन जुलाई में लागू हो या नहीं। इस संबंध पंजीयन विभाग के आला अधिकारियों ने गत दिवस सीएम को पूरी जानकारी प्रदान की है।

जिले की प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन 2021-2022 एक अप्रैल से लागू की जानी थी। लेकिन कोविड के कारण शासन ने इसे पहले 31 मई तक आगे बढ़ा दिया था। इसके बाद फिर दोबारा शासन ने गाइडलाइन को लागू करने के लिए 30 जून तक की मोहलत दी थी, जो अब खत्म होने वाली है। बताया जा रहा है कि नई कलेक्टर गाइडलाइन लागू होने से शहर के करीब 3200 लोकेशन पर जमीनों के दाम बढ़ जाएंगे, जिससे लोगों का अपने घर का सपना और कठिन हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *