कॉपीराइट उल्लंघन मामला: कंगना रनौत दर्ज एफआईआर के खिलाफ पहुंचीं बॉम्बे हाईकोर्ट
मुंबई
कंगना रनौत कॉपीराइट उल्लंघन मामले को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंची हैं। उनके वकील रिजवान सिद्दीकी ने कंगना के खिलाफ मामले में दर्ज एफआईआर को चुनौती दी है। कंगना रनौत, उनकी बहन रंगोली चंदेल, भाई अक्षत दीप रनौत और निर्माता कमल जैन के खिलाफ इसी साल मार्च में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ‘दिद्दा: वॉरियर क्वीन ऑफ कश्मीर’ के लेखक आशीष कौल ने उन पर कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था।
वकील ने दी दलील
कंगना के वकील रिजवान सिद्दीकी ने शुक्रवार को हाईकोर्ट में दलील दी कि ‘एफआईआर एक झूठे मामले पर आधारित है। ऐसा कोई काम नहीं था जिससे कॉपीराइट का उल्लंघन हुआ हो। उन्होंने (कंगना) अपने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की थी कि रानी दिद्दा पर एक फिल्म बनाने की योजना है।‘
कोर्ट ने क्या कहा
जस्टिस एसएस शिंदे और जीए सनप की खंडपीठ ने समय की कमी को देखते हुए कहा कि ‘याचिकाकर्ता सोमवार (28 जून) को आगे की सुनवाई का अनुरोध कर सकते हैं।‘
क्या है पूरा मामला
जनवरी 2021 में कंगना रनौत ने एलान किया था कि उनके प्रोडक्शन हाउस की अगली फिल्म ‘मणिकर्णिका रिटर्न्स: द लीजेंड ऑफ दिद्दा’ है, जो कि कश्मीर की रानी की कहानी पर आधारित है। 15 मार्च 2021 को फिल्म के निर्माता कमल जैन, कंगना रनौत और उनके भाई-बहन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। किताब ‘दिद्दा: द वॉरियर क्वीन ऑफ कश्मीर’ किताब के लेखक आशीष कौल ने उन पर कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के बाद खार पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
