प्रदेश कार्यालय में बैठक के लिए जुटे मुख्यमंत्री समेत पार्टी के पदाधिकारी, SC-ST को लेकर मंथन

भोपाल
अभी से मिशन 2023 की तैयारियों में जुटी भाजपा आने वाले दिनों में प्रदेश के अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों में पार्टी के प्रति और विश्वास और अपनापन का भाव जागृत करने के लिए नई कार्ययोजना बनाएगी। इसको लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं का मंथन आज दिन भर प्रदेश कार्यालय में चलेगा। मंथन में सामने आने वाले सुझावों पर सत्ता और संगठन मिलकर काम करेंगे और इन वर्गों में पैठ मजबूत करेंगे।

विधानसभा चुनाव 2018 और उसके बाद हुए उपचुनाव में यह बात एक बार फिर साफ हुई है कि प्रदेश का अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग अभी पूरी तरह से पार्टी के समर्थन में खुलकर नहीं आता है। खासतौर पर आदिवासी बाहुल्य जिलों में इस तरह की स्थिति देखने को मिली है। पार्टी इस पर चिंतन कर रही है कि आखिर इन वर्गों के लिए तमाम प्रयास करने और योजनाएं बनाने के बाद भी ये भाजपा के साथ सहृदय क्यों नहीं हो पा रहे? इसको लेकर प्रदेश कार्यालय में आज दोनों वर्गों को लेकर अलग-अलग बैठकें हो रही हैं जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत इन वर्गों के नेता और पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और पार्टी के सर्वे में यह बात साफ हुई है कि अजा-अजजा वर्ग भाजपा के साथ पूरी तरह नहीं होता है। सर्वे के बाद यह तय हुआ है कि इन्हें पूरी तरह से पार्टी से जोड़ने के लिए यथासंभव काम किए जाएं। इसी सर्वे के आधार पर प्रदेश कार्यसमिति की 24 जून को हुई बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश से साफ तौर पर कह दिया था कि आज भी एक तबका हमें अच्छा तो मानता है लेकिन अपना नहीं मानता। उनका इशारा इसी ओर था। इसके बाद सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आज ही इस पर मंथन का फैसला किया गया।

आपातकाल दिवस की 46वीं बरसी पर भाजपा ने आज आपात काल दिवस मनाकर कांग्रेस की नीतियों का विरोध जताया। इस मौके पर मीसाबंद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने बताया कि आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में मीसाबंदियों का सम्मान किया गया। मीसाबंदी सेनानी संघ की ओर से सीएम शिवराज सिंह चौहान, तपन भौमिक, गिरिराज किशोर, सुरेंद्र द्विवेदी, भरत चतुर्वेदी, अरुण कुलकर्णी, सविता वाजपेयी, सुरेश द्विवेदी, मांगीलाल पोरवाल का सम्मान किया गया। जिलों में मीसाबंदियों के घर जाकर उनका स्वागत किया जा रहा है। साथ ही जिला और अन्य संगठन पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल संवाद कार्यक्रम भी रखा गया है।

अजा-अजजा वर्ग के चिंतन को लेकर बुलाई गई बैठक में इस वर्ग को साधने के लिए संगठन विस्तार में मौका दिए जाने के साथ इनके कल्याण के लिए और भी नई योजनाएं बनाए जाने पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही इन वर्गों के लिए बनी योजनाओं में कमी पर भी गंभीरता से चिंतन होगा क्योंकि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ इन वर्गों को नहीं मिल पाता। संगठन की मदद से इन वर्ग के अन्त्योदय कैटेगरी को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाने पर भी चर्चा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *