विधायक को एसपी से जान का खतरा?
भागलपुर
बिहार के खगड़िया जिले में परबत्ता से विधायक डॉ. संजीव कुमार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए खगड़िया एसपी अमितेश कुमार को हटाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक ने खगड़िया एसपी पर गंभीर आरोप लगाये हैं। लिखा है कि खगड़िया एसपी अपराधियों से मिले हुए हैं। विधायक ने हाउस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। उनके पत्र पर सरकार के सचिव के सैंथिल कुमार ने डीजीपी को जांच कराने और अपने मंतव्य के साथ रिपोर्ट सौंपने को लिखा है। सचिव के पत्र के बाद पुलिस मुख्यालय से आईजी हेडक्वार्टर ने जांच के लिए लिखा है।
विधायक ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है उनके विधानसभा क्षेत्र में मुख्य रूप से चार थाने हैं। उनमें तीन थानों में एक ही जाति के थाना प्रभारियों को पदस्थापित कर दिया गया है। खगड़िया एसपी पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने न सिर्फ थाना प्रभारी बल्कि थानों में पांच-पांच की संख्या में जेएसआई भी उसी जाति का पदस्थापित किया है। उन्होंने कुछ थानाध्यक्षों के नाम के साथ लिखा है कि उनका अपराधियों के साथ उठना-बैठना है। यही वजह है कि उस खास जाति के अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। विधायक ने सीएम को लिखा है कि परबत्ता थानाध्यक्ष ने उनकी जान को खतरा बताते हुए एसपी को रिपोर्ट सौंपी पर एसपी ने उस रिपोर्ट को नजरअंदाज कर दिया।
