दिल्ली में भी आज बरसेंगे बादल, बिहार-UP समेत इन राज्यों में बारिश

नई दिल्ली
बिहार, यूपी में जहां एक ओर मॉनसून मेहरबान है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और राजस्थान को मॉनसून की बारिश के लिए जुलाई तक इंतजार करना होगा। बिहार में आज भी बारिश के आसार हैं। वहीं, दिल्ली को भी चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने वाली है, क्योंकि आंधी-पानी के चलते राजधानी दिल्ली के मौसम में अगले दो दिनों के बीच बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तो चलिए जानते हैं अन्य जगहों के मौसम का हाल।

दिल्ली में आज हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार की दोपहर बाद तेज हवा के साथ दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। इसके चलते लोगों को तपिश भरी गर्मी से खासी राहत मिलेगी। आज अधिकतम तापमान 38 और शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। 

बिहार में आज बारिश की संभावना
बिहार में मॉनसून की गतिविधि में कमी आई है, मगर कुछ इलाकों में अब भी कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल रही है। दक्षिण बिहार में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ बारिश की पूरी आशंका है। बिहार के मुजफ्फरपुर, नवादा, कैमूर, रोहतास, अरवल और नालंदा में मेघ गर्जन और वज्रपात का तात्कालिक अलर्ट भी जारी किया गया। यहां बारिश भी हो सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *