पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह WTC फाइनल में टीम इंडिया के प्लेइंग XI को लेकर विराट कोहली और रवि शास्त्री पर बरसे

 नई दिल्ली 
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब भारत के नहीं जीत सका। साउथम्पटन में खेले गए इस ऐतिहासिक मैच में न्यूजीलैंड ने आठ विकेट से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस मैच के बाद से टीम इंडिया के प्लेइंग XI को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। प्लेइंग इलेवन में टीम इंडिया दो स्पिनरों के साथ खेलने उतरी, इसको लेकर टीम मैनेजमेंट की काफी किरकिरी भी हो रही है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने इसके लिए कप्तान विराट कोहली और हेड कोच रवि शास्त्री को जिम्मेदार ठहराया है।

सरनदीप सिंह ने कहा कि सिलेक्टर्स हालांकि टूर्नामेंट की सीरीज के लिए टूरिंग टीम चुनते हैं, लेकिन प्लेइंग XI की जिम्मेदारी हमेशा कप्तान पर होती है, क्योंकि कप्तान ही होता है जो ग्राउंड पर प्लेइंग XI चुनता है। उन्होंने शार्दुल ठाकुर को शुरू में अंतिम 15 से बाहर रखने की भी आलोचना की है। उनके मुताबिक शार्दुल को न केवल अंतिम 15 में, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए प्लेइंग 11 में भी होना चाहिए था।

पूर्व सिलेक्टर ने कहा, 'शार्दुल ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया में अपने प्रदर्शन सहित जब भी मौका मिला बल्ले से उपयोगी साबित होकर खुद को साबित किया है। हार्दिक पांड्या के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि उनकी फिटनेस एक मुद्दा रहा है, लेकिन शार्दुल इन हालात में एक बेहतरीन गेंदबाजी ऑलराउंडर होते।' आपको बता दें कि सरनदीप साल 2017 से 2020 तक भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता थे और उन सिलेक्टर्स के ग्रुप का हिस्सा थे, जिन्होंने टीम के साथ  वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की यात्रा शुरू की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *