कुछ बड़ा होने के संकेत! 15 दिन के अंदर तीसरी बार प्रशांत किशोर की शरद पवार से मुलाकात
नई दिल्ली
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की है। पीके की यह 15 दिनों के भीतर तीसरी मीटिंग है। इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत में अहम भूमिका निभाने वाले किशोर ने 11 जून को मुंबई में शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद सोमवार को दिल्ली में उनके घर पर एनसीपी प्रमुख से दूसरी बार मीटिंग की। वहीं अब फिर से बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात की है।
इससे एक दिन पहले आठ विपक्षी दलों के नेता पवार के घर पर इकट्ठे हुए और देश के सामने आने वाले कई मुद्दों पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, प्रशांत किशोर और शरद पवार के बीच दिल्ली में उनके आवास पर बंद कमरे में हुई बातचीत करीब एक घंटे तक चली। बता दें कि एक पखवाड़े के भीतर यह उनकी तीसरी मुलाकात थी। इधर लगातार बैठकों के बीच पवार के साथ इन मुलाकातों ने बीजेपी के खिलाफ तीसरा मोर्चा बनाने के लिए विपक्षी दलों के साथ आने की अटकलों को हवा दी है।
पवार ने मंगलवार को दिल्ली में अपने आवास पर तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल और वाम दलों सहित आठ विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक की मेजबानी की थी। हालांकि, उस बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं ने कहा कि यह राष्ट्रीय मंच की ओर से समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की 'गैर-राजनीतिक' बैठक थी, जिसे पूर्व वित्त मंत्री और टीएमसी उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बनाया था।
