विधायकों के लिए छुट्टी के दिन खुलेंगे विस के रेलवे आरक्षण कार्यालय
भोपाल
प्रदेश के विधायकों और पूर्व विधायकों के लिए अब विधानसभा परिसर में बने रेलवे रिजर्वेशन कार्यालय शनिवार और रविवार को अवकाश के दिनों में भी खुलेंगे। वहीं पूर्व विधायकों का सत्कार अब अच्छे से हो सकेगा। इसके लिए पांच हजार रुपए मासिक बजट तय कर दिया गया है। पूर्व विधायक मंडल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ओर पूर्व विधायक राजेन्द्र मिश्र ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम से मुलाकात कर विधानसभा सदस्य और पूर्व सदस्यों की सुविधाओं में इजाफा करने की मांग की थी। अध्यक्ष ने उनकी मांगों को सुनने के बाद कई मांगों को पूरा करने का निर्णय लिया गया है। पूर्व विधायकों के आगमन पर उनके सत्कार के लिए हर माह पांच हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा कार्यालय में फोटो कापी मशीन की सुविधा भी पूर्व विधायकों को मिलेगी।
विधानसभा में संचालित रेलवे आरक्षण कार्यालय और और सदस्य लेखा कूपन शाखा शनिवार और रविवार को बंद रहा करते थे। इसके चलते हजारों किलोमीटर से आने वाले पूर्व विधायकों और विधायकों को रेलवे टिकिट और रेलवे कूपन से वंचित रहना पड़ता था। अब शनिवार और रविवार को रेलवे रिजर्वेशन काउंटर और सदस्य लेखा कूपन शाखा शनिवार और रविवार को सुबह 11 बजे से एक बजे तक खुलेंगी। इसके चलते अब विधायक, पूर्व विधायक छुट्टी के दिनों में भी रेलवे आरक्षण सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
पूर्व विधायक मंडल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने सुविधाओं में इजाफे के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया है और उनसे आग्रह किया है कि केदारनाथ शुक्ला की अध्यक्षता में गठित सदस्य सुविधा समिति की बैठक जल्द आयोजित की जाए और प्रतिवेदन प्राप्त होंने पर यथाशीघ्र कार्यवाही की जाए।
