हारी सीटों वाली जिला कार्यकारिणी पर भाजपा का फोकस, कार्यसमिति की घोषणा का क्रम शुरू
भोपाल
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले जिलों में कार्यकारिणी और कार्यसमिति की घोषणा का क्रम शुरू हो गया है। प्रदेश संगठन ने उन क्षेत्रों पर खास तौर पर फोकस किया है जहां चुनाव होने हैं और जिन जिलों में भाजपा विधानसभा चुनाव हारी है। ऐसे क्षेत्रों से पार्टी के सशक्त, मेहनती और लोकप्रिय नेताओं को जिला कार्यकारिणी में शामिल करने की अनुशंसा की गई है। उधर बड़े जिलों खासतौर पर शहरों की कार्यकारिणी घोषित होने में सामूहिक तालमेल पर फोकस किया जा रहा है।
प्रदेश संगठन ने संकेत दिए थे कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले जिलों की कार्यकारिणी घोषित हो जाएगी। इसी परिप्रेक्ष्य में शनिवार देर रात दर्जन भर जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई। साथ ही बाकी जिलों में भी जल्द कार्यकारिणी घोषित की जा रही है। चूंकि संगठन ने तय कर दिया है कि जुलाई में जिलों और मंडलों की कार्यसमिति की बैठकें होना है। इसलिए यह साफ हो गया है कि अब जिला स्तर पर संगठन की नई टीम अब जुलाई से पूरी तरह एक्टिव हो जाएगी। अब तक जिन जिलों की कार्यकारिणी की सूची सामने आ चुकी है उसमें नीमच, सतना, देवास, उमरिया, शाजापुर, शहडोल, उज्जैन ग्रामीण समेत अन्य जिले शामिल हैं। इनमें से कुछ जिलों ने जिला कार्यकारिणी के साथ जिला कार्यसमिति की भी घोषणा कर दी है।
पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के निर्देश पर योग दिवस पर वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाने के मद्देनजर व्यापक प्रचार प्रसार पर जोर दिया जा रहा है। इसी के मद्देनजर भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, सागर समेत कई बड़े जिलों की कार्यकारिणी योग दिवस के बाद आने की उम्मीद है। भोपाल की सूची में हारी हुई विधानसभा वाले क्षेत्रों के मजबूत नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल किए जाने के संकेत मिले हैं।
जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा में चुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों रैगांव, पृथ्वीपुर, जोबट और खंडवा लोकसभा सीट को ध्यान में रखा जा रहा है। यहां लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय और जनता के बीच अच्छी छवि रखने वाले नेताओं को पार्टी में जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। चुनाव के दौरान इन सभी की सक्रियता और क्षेत्र में संपर्क का लाभ लेने का काम किया जाएगा।
