WTC Final 2021: विराट की धैर्य भरी पारी ने कीवियों के छुटाए पसीने

साउथम्पटन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबला साउथम्पटन के एजिस बाउल में खेला जा रहा है। आज मैच का तीसरा दिन है। वहीं मैच के दूसरे दिन कप्तान विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। विराट 44 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि उपकप्तान अजिंक्य रहाणे 29 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। ये दोनों बल्लेबाज अब तक  58 रनों की साझेदारी कर चुके हैं।

विराट कोहली ने अब तक इस मैच में जिस तरह से बल्लेबाजी की उसे देख हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। उन्होंने ये पारी ऐसे समय में खेली जब टीम को उनसे इस तरह की उम्मीद थी। ऐसा कहा जाता है कि ओवरकास्ट कंडीशन में साउथम्पटन में बल्लेबाजी करना दूभर है लेकिन विराट ने इस सभी कयासों पर पानी फेर दिया। उन्होंने बैटिंग में मास्टर क्लास दिखाते हुए कीवी गेंदबाजों का डटकर सामना किया।

अपनी पारी के दौरान विराट जबरदस्त फार्म में दिखे और वह गेंद की लाइऩ में जाकर खेल रहे थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदाबाजों की स्विंग बॉलिंग का डटकर सामना किया। कीवी गेंदबाजों ने इस दरम्यान, स्विंग, सीम और बाउंसर गेंदों की बौछार की लेकिन विराट पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने शांतिपूर्वक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। टेस्ट क्रिकेट में एक दशक पूरा कर चुके विराट इस दौरान बिलकुल भी असहज नहीं दिखे।

विराट ने दूसरे दिन उस तरह की क्रिकेट खेली जैसे हर महान बल्लेबाज खेलता है। बैटिंग करते वक्त विराट ने अच्छी गेंद को छोड़ा और खराब गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। उनकी इस शांतिपूर्वक और नियंत्रित पारी के चलते भारत पहली पारी में बेहतर स्थित में पहुंचा। भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर तीन विकेट पर 146 रन बनाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *