दिल्ली में स्पूतनिक वी टीके की शुरुआत में होगी देरी

नई दिल्ली
कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए रूस द्वारा निर्मित कोविड-19 वैक्सीन (Covid-19 Vaccine) स्पूतनिक-वी (Sputnik V) की दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल और मधुकर रेनबो बाल अस्पताल में शुरुआत होने में कुछ दिन और की देरी होगी। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। अपोलो अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि दो डोज वाले टीके देने की शुरुआत संभवत: 25 जून से होगी। एक अधिकारी ने इससे पहले बताया था कि अस्पताल में स्पूतनिक वी के टीके देने की शुरुआत 20 जून से होगी। मधुकर रेनबो अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन की सप्लाई में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें अगले सप्ताह से वैक्सीनेशन की शुरुआत की उम्मीद है।

फोर्टिस हेल्थकेयर ने पूर्व में कहा था कि शनिवार से गुरुग्राम और मोहाली के अस्पतालों में स्पूतनिक वी टीके उपलब्ध होंगे, लेकिन अब तक टीका देने की शुरुआत नहीं हो पाई है। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को टीका देने की शुरुआत नहीं हो पाई। हमें लगता है कि सोमवार को इस बारे में तस्वीर कुछ स्पष्ट हो पाएगी। गुरुग्राम हरियाणा का पहला जिला होगा जहां पायलट आधार पर स्पूतनिक वी का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में अस्पताल के कर्मचारियों को डोज दी जाएगी। फोर्टिस ने सीधे डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज से वैक्सीन मंगवाई है। केंद्र ने स्पूतनिक वी टीके की एक खुराक के लिए अधिकतम 1145 रुपये कीमत तय की है। केंद्र ने निजी टीकाकरण केंद्रों के लिए कोविशील्ड की एक खुराक की कीमत 780 रुपये और कोवैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1410 रुपये निर्धारित की है। स्पूतनिक वी भारत के दवा नियामक डीसीजीआई से आपातकालीन उपयोग की मंजूरी पाने वाला तीसरा टीका है, अन्य दो टीके एस्ट्राजेनेका के कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन हैं।

स्पूतनिक वी को रूस के गामालेया नेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी (Gamaleya National Research Institute of Epidemiology and Microbiology) द्वारा विकसित किया गया है और इसकी मार्केटिंग रशियन डायरेक्टर इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ) द्वारा की जा रही है। आरडीआईएफ ने गुरुवार को कहा कि वह अन्य वैक्सीन निर्माताओं को बूस्टर शॉट (स्पूतनिक वी की दूसरी खुराक) की पेशकश करेगा। यह बूस्टर शॉट कोविड-19 डेल्टा वेरिएंट के खिलाफ काम करने के लिए बनाया गया है, जिसे पहली बार भारत में पाया गया था। भारत में स्पूतनि वी वैक्सीन के लिए मार्केटिंग पार्टनर हैदराबाद स्थित डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज रूस से स्पूतनिक वी की शीशियों का आयात कर रही है। इससे समय पर वैक्सीन भारत में निर्मित होने की उम्मीद है। स्पूतनिक वी दो अलग-अलग वायरस पर काम करता है जो मनुष्यों में सामान्य सर्दी (एडेनोवायरस) का कारण बनते हैं। यह 21 दिनों के अलावा दिए गए दो शॉट्स में से प्रत्येक के लिए एक अलग वेक्टर नियोजित करता है। गामालेया और आरडीआईएफ के अनुसार, स्पूतनिक वी का एफिशिंसी रेट 92 प्रतिशत है।

दिल्ली में 18 से 44 आयुवर्ग के लिए कोविड टीके की 2.95 लाख खुराक उपलब्ध
आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने शनिवार को बताया था कि 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए कोविशील्ड टीके की 1,67,000 खुराक की नई खेप दिल्ली को मिली है। इसके साथ ही इस आयुवर्ग के लिए उपलब्ध टीके की खुराकों की संख्या 2,95,000 हो गई है। दैनिक टीकाकरण बुलेटिन जारी करते हुए आतिशी ने बताया कि दिल्ली के पास अब 18 से 44 आयुवर्ग के लिए कोविशील्ड टीके की 2,58,000 खुराक और कोवैक्सीन की 37,000 खुराक उपलब्ध हैं। आतिशी ने कहा कि हमने देखा है कि 18-44 आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण में खुराक की उपलब्धता के साथ वृद्धि हो जाती है और जल्द ही भंडार खत्म होने से इसमें गिरावट आ जाती है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दिल्ली को शुक्रवार को इस आयुवर्ग के लिए कोविशील्ड टीके की 1,67,000 खुराक प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन का मौजूदा भंडार क्रमश: 14 और दो दिन चलेगा, इसलिए हम आह्वान करते हैं कि अधिक युवा कोविन ऐप में समय लें ताकि उनका टीकाकरण हो सके।

दिल्ली में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीके की उपलब्धता के बारे में आतिशी ने कहा कि इस समय टीके की करीब 8,50,000 खुराक उपलब्ध हैं, जिनमें से कोविशील्ड की 7,65,000 खुराक और कोवैक्सीन की 80, 000 खुराक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कोवैक्सीन अगले छह दिन के लिए पर्याप्त है, जबकि कोविशील्ड का स्टॉक अगले 58 दिनों के लिए है। गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली में कोविड टीके की कुल 77,345 खुराक लगाई गई जिनमें से 62,230 लोगों को पहली खुराक और 15,115 को दूसरी खुराक दी गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *