BJP नेतृत्व को येदियुरप्पा पर भरोसा, विरोधियों को कड़ा संदेश
बेंगलुरु
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के खिलाफ असंतुष्ट धड़े की मुहिम को ठंडा करते हुए भाजपा नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि येदियुरप्पा ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। पार्टी ने येदियुरप्पा के खिलाफ मुहिम चला रहे असन्तुष्ट नेताओं को भी सख्त चेतावनी दी है और कहा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। दरअसल भाजपा नेतृत्व कोरोना काल की परिस्थितियों में किसी भी राज्य में बड़ा बदलाव करने के पक्ष में नहीं है।
कर्नाटक में येदियुरप्पा और उनके खिलाफ असंतोष कोई नई बात नहीं है। उनके पिछले कार्यकाल में मुख्यमंत्री रहते हुए असंतोष उठता रहा था और एक बार तो ऐसा भी आया था जब उनको पद भी छोड़ना पड़ा था। उसके बाद से अक्सर वह पार्टी के भीतर ही वे अपने विरोधियों के निशाने पर रहे हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका विरोधी खेमा खासा सक्रिय रहा है। कांग्रेस और जद (एस) में तोड़-फोड़ के बाद जब येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद संभाला तब भी उनके खिलाफ अंदरूनी असंतोष कायम रहा। बीते 6 माह से उनका विरोधी धड़ा लगातार दिल्ली में आकर पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं से मिलकर येदियुरप्पा की शिकायतें भी करता रहा है।
