नोएडा के 25 हजार वाहन मालिकों को मिली राहत
नोएडा
सरकार ने वाहन संबंधी दस्तावेजों की वैधता 30 सितंबर तक बढ़ा दी है। ऐसे में जिले के 25 हजार से अधिक उन वाहन मालिकों को राहत मिल गई है, जो लॉकडाउन के दौरान लाइसेंस, परमिट आदि दस्तावेजों का नवीनीकरण नहीं करा सके थे। जिले में करीब 7.55 लाख वाहन पंजीकृत हैं। इनमें निजी और व्यवसायिक, दोनों तरह के वाहन शामिल हैं।
परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 25 हजार से अधिक वाहन संबंधी दस्तावेजों का नवीनीकरण नहीं हुआ है। इनमें प्रदूषण जांच, वाहनों की फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य वाहन संबंधी दस्तावेजों का नवीनीकरण शामिल है। पहले वैधता तारीख 30 जून तक थी।
