शेफाली वर्मा की बैटिंग के फैन हुए फील्डिंग कोच आर श्रीधर

 नई दिल्ली 
भारतीय पुरुष टीम के फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली वर्मा की जमकर तारीफ करते हुए शुक्रवार को कहा कि इस युवा महिला बल्लेबाज में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की झलक नजर आती है। श्रीधर ने कहा कि केवल वही नहीं, बल्कि पूरी भारतीय टीम को प्रैक्टिस के बाद जब भी मौका मिलता है तो वे महिला टेस्ट मैच को देखते हैं और हरियाणा की इस युवा खिलाड़ी से प्रभावित हैं। श्रीधर ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद संवाददाताओं से कहा, 'शेफाली हमें वीरू (वीरेंद्र सहवाग) की याद दिलाती हैं। हैं ना। वह जिस तरह से खेलती हैं, उनका रवैया स्पष्ट है। इसलिए हम शेफाली की पारियों का आनंद ले रहे हैं। काश उन्होंने पहली पारी में शतक बनाया होता।'

 उन्होंने कहा, 'स्मृति (मंधाना) और शेफाली दोनों ने शानदार पारियां खेली और पहली पारी में शानदार शुरुआत दिलाई। दुर्भाग्य से हम इसका लाभ नहीं उठा पाए, लेकिन वहां शानदार मैच चल रहा है।' शेफाली ने इंग्लैंड के खिलाफ महिला टेस्ट मैच की पहली पारी में 96 और दूसरी पारी में नाबाद 55 रन बनाए हैं। स्मृति ने पहली पारी में 78 रन बनाए थे। मैच की बात की जाए तो इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम को फॉलोऑन मिला। भारतीय महिला टीम ने शुक्रवार को बारिश के व्यवधान के कारण तीसरे दिन का खेल जल्दी खत्म होने तक दूसरी पारी में एक विकेट पर 83 रन बनाए। बारिश ने दूसरे सेशन में खलल डाला और इसी के कारण तीसरे सेशन का खेल नहीं हो सका। शेफाली ने अपने डेब्यू मैच में ही इतिहास रचते हुए दोनों पारियों में 50 से अधिक रन बनाने वाली भारत की पहली महिला बल्लेबाज भी बन गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *