बरातियों को खाने में मछली के मुड़े नहीं परोसे तो छिड़ा खूनी संघर्ष

गोपालगंज
बिहार के गोपालगंज में एक शादी के खाने के दौरान बरातियों व घरातियों के बीच जमकर सिर फुटौव्वल हो गई। मछली परोसने को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। बताया गया है कि बरातियों ने मछली के सिर का हिस्सा, जिसे मुड़े कहा जाता है, परोसने की जिद की। जब वह पूरी नहीं की जा सकी तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए।

गोपालगंज जिले में बरात या शादी के दौरान उग्र विवाद व हिंसा के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। पिछले दिनों उचकागांव थाना इलाके के नरकटिया में आई एक बरात में सब्जी को लेकर विवाद में गोलीबारी तक हो गई थी। एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

गोपालगंज पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात को भटवलिया टोला में हुई। यह भोरे थानाक्षेत्र में आता है। घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरात के खाने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है।

बराती खाने के लिए बैठे थे। पहले दौर में उन्हें मछली के दो-दो पीस दिए गए। इसके बाद मछली के मुड़े परोसने की मांग की गई। जब ये नहीं दिए गए तो हंगामा होने लगा। देखते देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। कुर्सियों से हमला होने लगा। 11 लोगों को चोटें आई हैं।

मौजूद लोगों ने बताया कि भटवलिया टोला गांव में छठू गोंड के यहां बरात आई थी। बरातियों के लिए मछली-चावल का इंतजाम था, लेकिन मुड़े नहीं परोसने पर झड़प हो गई। घायल सुदामा गोंड के मुताबिक, उनका बेटा राजू व मुन्ना मछली परोस रहे थे। तभी विवाद छिड़ गया।

संघर्ष की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। घायलों से पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल शादी के घर में रंग में भंग घुल गई और सारा मजा किरकिरा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *