पटना में मरीज के दिमाग से निकाला क्रिकेट बॉल के आकार का ब्लैक फंगस, 3 घंटे तक चला ऑपरेशन

पटना
कोरोना महामारी के बीच म्यूकोरमाइकोसिस यानी ब्लैक फंगस के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस गंभीर बीमारी से मरीजों की जान तक जा रही हैं। इस बीच बिहार की राजधानी पटना से ब्लैक फंगस का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, यहां के एक अस्पताल में डॉक्टर्स ने मरीज का ऑपरेशन कर दिमाग से क्रिकेट बॉल के आकार का ब्लैक फंगस सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। तीन घंटे तक चला ऑपरेशन काफी जटिल था।
 
जानकारी के मुताबिक पटना में इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के डॉक्टरों ने 60 वर्षीय व्यक्ति के दिमाग से क्रिकेट बॉल के बराबर के आकार का ब्लैक फंगस ऑपरेशन कर सफलतापूर्वक हटा दिया है।  रिपोर्ट के अनुसार सर्जरी शुक्रवार को हुई और तीन घंटे से अधिक समय तक चली। जमुई के मरीज अनिल कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है। वह हाल ही में कोविड-19 से उबरा था लेकिन बाद में उसे ब्लैक फंगस ने घेर लिया था।
 
आईजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि फंगल ने मरीज की नाक के जरिए दिमाग में घुस गया था और वहां तेजी से फैल चुका था। हालांकि गनीमत रही है यह फंगल मरीज की आंखों तक नहीं फैला और इस वजह से उनकी आंखों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ब्लैक फंगस शुगर या स्टेरॉयड की हाई डोज वाले लोगों को प्रभावित करता है। यह बीमारी उन मरीजों में ज्यादा हो रही है, जो कोविड-19 से उबर चुके थे और उनकी इम्युनिटी कमजोर थी। बता दें कि बिहार सरकार ने 22 मई को महामारी रोग अधिनियम 1897 की धारा 2 के तहत ब्लैक फंगस को महामारी घोषित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *