सिर्फ दूसरी डोज वालों को ही लगेगी कोवैक्सीन : केजरीवाल

 नई दिल्ली 
जून माह में दिल्ली को मिलने वाली कोवैक्सीन की खेप को 18-44 के लोगों के लिए सिर्फ दूसरी डोज के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। दिल्ली सरकार की ओर से रविवार को आदेश जारी कर इस बाबत स्वास्थ्य विभाग को आदेश दे दिए गए हैं। जून माह में दिल्ली को कोवैक्सीन की लगभग दो लाख डोज मिलने की उम्मीद है। इनमें से किसी भी डोज को पहली खुराक के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सरकार के अधिकारियों का कहना है कि उम्मीद से कम खुराक मिलने के कारण सरकार सिर्फ दूसरी डोज लगाने पर ध्यान लगा रही है।
 
दिल्ली के सरकारी केंद्रों पर बंद पड़े युवाओं के टीकाकरण का अभियान इस सप्ताह के अंत तक शुरु होने की उम्मीद है। दिल्ली को बुधवार देर रात या वीरवार सुबह तक लगभग कोविशील्ड टीके की लगभग डेढ़ लाख खुराक मिल सकती हैं। जिनसे दिल्ली के लगभग 70 टीकाकरण केंद्रों पर युवाओं के लिए टीके लगाने की शुरुआत की जा सकेगी। दिल्ली में 25 जून से सरकारी केंद्रों पर 18-44 वर्ष के लोगों के लिए टीकाकरण बंद है। युवाओं के लिए टीकाकरण फिलहाल दिल्ली में सिर्फ निजी अस्पतालों में चल रहा  है, जहां लोगों को 1800 रुपए तक प्रति खुराक चुकाने पड़ रहे हैं। 
 
दिल्ली में रूस के स्पूतनिक टीके की पहली खेप भी जून के माह में ही मिलने जा रही है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली को रूस के कोविड रोधी टीके स्पूतनिक वी की खेप का एक हिस्सा मिलने की संभावना है जिसे संबंधित कंपनी 20 जून के बाद आयात करेगी। उन्होंने कहा, टीके का निर्माण भारत में संभवत: अगस्त में शुरू हो जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *