जालसाजी का मामला: भेल के रिटायर्ड अफसर से 10.40 लाख रुपए की ठगी

भोपाल
भेल के रिटायर्ड अफसर के बैंक खाते की केवायसी अपडेट करने का झांसा देकर जालसाजों ने उनके खाते से 10.40 लाख रुपए उड़ा दिए। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई स्थित एसबीआई के हेड आॅफिस का ब्रांच मैनेजर बताया था। क्राइम ब्रांच पुलिस ने कल देर रात अज्ञात आरोपी मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार सी सेक्टर इंद्रपुरी निवासी देवनाथ पाठक पिता नागेवश्वर पाठक (75)भेल के रिटायर्ड अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एसबीआई व एक अन्य बैंक में उनके दो सेविंग अकाउंट हैं।

शुक्रवार की दोपहर को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था। जिसमें केवायसी अपडेट कराने अन्यथा अकाउंट को बंद करने की बात लिखी थी। फरियादी ने मैसेज में लिए नंबर पर कॉल कर संपर्क किया। आरोपी ने मुंबई स्थित एसबीआई की मैने ब्रांच का स्वयं को मैनेजर बताते हुए अमर श्रीवास्तव नाम बताया। जालसाज की बातों में आकर पीड़ित ने उसके द्वारा मांगी तमाम जानकारी दे दी। कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर लगातार हजारों रुपए खातों से कटने के मैसेज आने लगे। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही 28 बार में 10.40 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक में संपर्क कर खातों को बंद कराया और परिजनों के साथ थाना क्राइम ब्रांच में पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी।

शिकायत की जांच के बाद में बीती रात पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को मोबाइल नंबर के आधार पर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जालसाज का नंबर बंद जा रहा है। साथ ही सायबर सेल पुलिस की मदद भी ली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *