जेल में बंद बंदियों के लिए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
ग्वालियर
कोविड-19 से बचाव के लिए वर्तमान समय में स्वयं के शरीर की स्वस्थता हेतु शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखना अति आवश्यक हो गया है, जिस हेतु योग काफी सहायक सिद्ध हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों में न्यायमूर्ति शील नागू प्रशासनिक न्यायाधिपति/को-चेयरमेन उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति ग्वालियर के निर्देश एवं मार्गदर्शन में 8 जून तक उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के क्षेत्राधिकार अंतर्गत आने वाली केन्द्रीय, जिला, उप जेलों में निरूद्ध बंदियों के लिए आॅनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
योग गुरु श्रीकांत मिश्रा द्वारा आॅनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोविड से बचाव के लिए विभिन्न प्रकार के योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए सकारात्मक मन एवं स्वस्थ तन बनाए रखने हेतु जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में विधिक सहायता अधिकारी बृजेन्द्र सिंह भदौरिया द्वारा बंदियों को स्वयं के विधिक अधिकार हेतु जागरूक करते हुए उनके अपील प्रकरण आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा बंदियों द्वारा बताई गई कानूनी समस्याओं के संबंध में आवश्यक विधिक सलाह प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन विधिक सेवा पेनल अधिवक्ता आरके जोशी द्वारा किया गया। उक्त आॅनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में केन्द्रीय जेल, जिला जेल एवं उप जेल के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बंदीगण शामिल हुए।
