मंडी में बढ़ रही भीड़ को रोकने एक्शन प्लान तैयार, निर्देश जारी
जबलपुर
कोरोना संक्रमण को प्रभावी रूप से रोकने के लिए कहीं भी एक समय में निर्धारित संख्या से अधिक भीड़ एकत्र न हो इसके लिए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने निर्देश दिए हुए हैं। कृषि उपज मंडी में होने वाली भयानक भीड़ से निजात दिलाने के लिए अधिकारियों ने संपूर्ण मंडी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग गेट से वाहनों का प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था की है। कृषि उपज मंडी में अब रात 10 बजे से रात 2 बजे तक थोक विक्रेता व्यवसाय कर सकेंगे। फुटकर विक्रेता सहित ठेले में सब्जी फल लेकर बेचने वाले व्यापारियों को उनके अनुरूप व्यवस्था की गई है। मंडी परिसर में एक साथ भीड़ एकत्र न हो इसके लिए टीन शेड के नीचे भी व्यापारी थोक माल की खरीदी कर सकेंगे। सब्जी एवं फल की किस्म के आधार पर अलग-अलग सेक्टर में बांट गया है, ताकि परसिर के अंदर व्यापारियों की भीड़ न हो।
मंडी के सभी गेट से लेकर अंदर परिसर में भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन एवं नगर-निगम के अधिकारी/कर्मचारियों की डयूटी लगाई जा रही है। रात 10 बजे से रात 2 बजे तक चलने वाली मंडी के समय अधिकारी कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे। फुटकर व्यापारी, ठेला में फल और सब्जी लेकर बेचने वाले व्यापारियों के लिए प्रशासन ने समुचित व्यवस्था करते हुए उन्हें उनके क्षेत्र के हिसाब स्थान चिन्हित करा दिया है। फुटकर व्यापारी सुबह इन स्थानों ने सब्जी व फल लेकर फेरी लगाकर कॉलोनियों में व्यापार कर सकेंगे। रविवार रात मंडी में रात 10 बजे से 2 बजे तक थोक व्यापारियों ने कारोबार किया। कल पहली बार मंडी में भीड़ पहले की अपेक्षा कम दिखाई दी।
