महिला टीम साउथैम्पटन में कड़े आइसोलेशन में रहेगी
नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम महीने भर लंबी सीरीज के लिए पुरुष टीम के साथ ब्रिटेन का दौरा करेगी और उसे ब्रिस्टल में अपना एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है लेकिन उसे वहां के बजाय पुरुष टीम के साथ साउथैम्पटन में ही कड़े आइसोलेशन में रहना होगा। दोनों भारतीय टीमें इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से अपने पूर्ण आइसोलेशन कार्यक्रम का इंतजार कर रही हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने शनिवार को मीडिया विज्ञप्ति भेजी लेकिन इसमें कड़े और सामान्य आइसोलेशन के समय के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
इस यात्रा की जानकारी रखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई-भाषा से कहा, "भारतीय महिला दल वहां पहुंचने के बाद ब्रिस्टल नहीं जायेगा। इसके बजाय वे भी पुरुष टीम के साथ साउथैम्पटन जाएंगी और कमरे में आइसोलेशन शुरू करेंगी। ईसीबी ने अभी तक हमें कार्यक्रम नहीं भेजा है जिसके अनुसार हमें चलना होगा, महिला टीम तभी ब्रिस्टल रवाना होगी जब साउथैम्पटन में आइसोलेशन खत्म हो जायेगा।" दोनों टीमों को हिल्टन होटल में रखा जाएगा जो हैम्पशर बाउल स्टेडियम का ही हिस्सा है।
